एसडीएम से मिले जन संघर्ष समिति के सदस्य

जावरा ( अभय सुराणा)। जावरा में उज्जैन-जावरा फोरलेन परियोजना से प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर सोमवार को जन संघर्ष समिति के सदस्य एसडीएम कार्यालय पहुंचे। दोपहर करीब 12:30 बजे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुनील जायसवाल से मुलाकात कर उन्होंने भूमि क्रय-विक्रय पर लगी रोक को लेकर नाराजगी जताई।समिति सदस्यों ने बताया कि उज्जैन-जावरा फोरलेन के नए एलाइनमेंट के बाद भी हुसैन टेकरी चौराहा से जोयो तिराहे के बीच की जमीन पर खरीदी-बिक्री की रोक अब तक नहीं हटाई गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। इस पर एसडीएम सुनील जायसवाल ने आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी एक माह के भीतर उक्त रोक हटा ली जाएगी।समिति ने यह भी बताया कि पिछले छह महीनों से क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, उज्जैन कमिश्नर, रतलाम कलेक्टर, एसडीएम कार्यालय एवं तहसीलदार को इस संबंध में कई बार ज्ञापन और पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया।फोरलेन सड़क निर्माण की स्थिति को लेकर स्पष्टता मांगने पर एसडीएम ने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार यह सड़क जमीन लेवल पर ही बनाई जाएगी। हालांकि समिति सदस्यों ने प्रशासन पर लापरवाही और हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर भूमि क्रय-विक्रय पर लगी रोक नहीं हटाई गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।समिति ने एमपीआरडीसी पर भी जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी पहले स्पष्ट कर चुके हैं कि सड़क किसानों की मंशा के अनुसार जमीन स्तर पर ही बनाई जाएगी।इस दौरान सुनील पोखरना, मनोज मेहता, गुड्डू पठान, राजेश कोठारी, एडवोकेट प्रदीप सोलंकी, एडवोकेट उबेद अंसारी, असलम मेव, जीतू मालवीय, जगदीश सोलंकी, मुबारक मामा, रईस कुरैशी, अली जमान, शशांक अग्रवाल, आरडी धाकड़, राधेश्याम पाटीदार, सुरेश माली, जीवन सैनी, मोहन सैनी, फरीद हुसैन मेव, अब्बास बोहरा, मनोहर धाकड़, जगदीश चौहान, नरेंद्र सेठिया, अनु मिस्त्री, इरफान, अब्दुल रहीम, मुजफ्फर शाह, आफताब सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।