मुनि निर्णय सागर जी ससंघ के सान्निध्य में होंगे धार्मिक आयोजन, प्रवचन व आहार दान की विशेष व्यवस्था
रतलाम। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर स्टेशन रोड स्थित श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर में रविवार, 19 अप्रैल 2026 को भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन आचार्य 108 श्री विद्यासागर जी महाराज के परम शिष्य मुनि 108 श्री निर्णय सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में संपन्न होगा।
प्रातः 6:15 बजे भगवान जिनेंद्र के अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके पश्चात भगवान 1008 श्री आदिनाथ भगवान की विशेष पूजा-अर्चना एवं आचार्य श्री पूजन ब्रह्मचारी प्रदीप भैया एवं अमन भैया के निर्देशन में संपन्न होगी। कार्यक्रम के दौरान मुनि श्री के मंगल प्रवचन भी होंगे।
जैन धर्म में अक्षय तृतीया के दिन आहार दान का विशेष महत्व माना जाता है। इसी के तहत मुनि श्री की आहार चर्या हेतु समाजजन अपने-अपने घरों पर चौका लगाकर आहार ग्रहण कराने का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। मुनि श्री द्वारा पडगाहन भी किया जाएगा।
प्रातः 9:40 बजे से श्री पंचपरमेष्ठी विधान महामंडल की पूजा आयोजित की जाएगी। श्रावक संघ के पदाधिकारियों ने सकल दिगंबर जैन समाज से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। आयोजन श्री चंद्रप्रभ दिगंबर जैन श्रावक संघ द्वारा किया जा रहा है।