- एमपी बोर्ड 12वी की प्रदेश की टॉप टेन मेरिट सूची में जिले के 4 विद्यार्थियों ने बनाया स्थान
- माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा के परिणाम जारी

रतलाम 15 अप्रैल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को संवाद भवन (मुख्यमंत्री निवास) में माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा ली गई कक्षा 10वीं, 12वीं परीक्षा के परिणाम घोषित किए।
वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 73.42 प्रतिशत एवं कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 76.01 प्रतिशत रहा। शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने इस बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम इस बार बीते 16 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ रहा है। कक्षा 12वीं बोर्ड में शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल की वाणिज्य संकाय की छात्रा कु. खुशी राय एवं अशासकीय गुरूदेव शिक्षा केन्द्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीलबड़, भोपाल की छात्रा कुमारी चांदनी विश्वकर्मा ने कुल 500 अंकों में से 494 अंक हासिल कर संयुक्त रुप से टॉप किया है। रतलाम जिले के 10वीं के दो विद्यार्थी एवं 12वीं के 4 विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप टेन सूची में अपना स्थान बनाया है।
जिला शिक्षा अधिकारी रतलाम श्री अशोक लोढा ने बताया कि रतलाम जिले में 10वीं कक्षा के दो विद्यार्थी, शासकीय उ.मा.वि. रियावन रतलाम की सरस्वती पिता घनश्याम एवं शासकीय उ.मा.वि. धामनोद के आयुष पाटीदार ने 500 में 491 अंक प्राप्त कर एमपी बोर्ड 10वीं की मेरीट लिस्ट में प्रदेश स्तर पर संयुक्त रूप से 9वां स्थान प्राप्त किया है। एमपी बोर्ड 12वीं की मेरीट लिस्ट में रतलाम जिले के 4 विद्यार्थियों ने टॉप टेन की सूची में स्थान प्राप्त किया हैं। जिसमें सेंट स्टीफन स्कूल रतलाम की श्रृष्टि सिलावट ने वाणिज्य संकाय में पूर्णांक 500 में से 488 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान, जेथ पब्लिक स्कूल रतलाम की मनस्वी गोयल ने गणित संकाय में पूर्णांक 500 में से 488 अंक प्राप्त कर पांचवा स्थान, हायर सेकेण्डरी स्कूल कालूखेडा की नीलोफर शेख ने गणित मे पूर्णांक 500 में से 481 अंक प्राप्त कर दसवा स्थान एवं साई श्री एकेडमी हायर सेकेण्डरी स्कूल की अक्षिता पालीवान ने वाणिज्य संकाय में पूर्णाक 500 में से 491 अंक प्राप्त कर दसवा स्थान हासिल किया है। रतलाम जिले का कक्षा दसवीं का शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 80.77 प्रतिशत एवं अशासकीय का 71.93 प्रतिशत रहा । कक्षा 12 वीं का शासकीय विद्यालयों का परीक्षा प्ररिणाम 83.83 प्रतिशत एवं अशासकीय का 77.81 प्रतिशत रहा है। जिले के विद्यार्थियों की उपलब्धि के लिए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक लोढा ने विद्यार्थियों को बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।