
जावरा (अभय सुराणा) । जावरा क्षेत्र में आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों के हक के साथ गंभीर लापरवाही और अनियमितता का मामला सामने आया है। निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मासूम बच्चों को न तो नाश्ता दिया जा रहा था और न ही भोजन उपलब्ध कराया गया।
जानकारी के अनुसार, आंगनवाड़ी केंद्र गोंदीधर्मसी-02 में संचालित व्यवस्थाओं की जांच के लिए गठित दल द्वारा 16 अप्रैल 2026 को औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण जनपद पंचायत जावरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलवंत नलवाया द्वारा किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित कृष्णा स्वयं सहायता समूह द्वारा बच्चों को नाश्ता और भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था, जो कि अनुबंध की शर्तों का सीधा उल्लंघन है।
मामला सामने आते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और कलेक्टर मिश्रा सिंह ने इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उनके निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए संबंधित स्वयं सहायता समूह का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना जावरा ग्रामीण के अंतर्गत संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता और सहायिका पर भी कार्रवाई की गई। केंद्र संचालन में पाई गई अनियमितताओं के चलते दोनों का तीन दिन का मानदेय काटा गया है तथा कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के पोषण और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।