मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप से की चर्चा
रतलाम । मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि कोरोना संक्रमण को रोकने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। कोरोना संक्रमण को दूर करने में जनजागरण प्रमुख है। लोगों को जागरूक बनाएं मास्क लगाने के लिए प्रेरित करें, वैक्सीनेशन अधिक से अधिक करवाएं और जनता को यह समझाएं कि आवश्यक कार्य से ही घर से बाहर निकलें। लॉकडाउन अवधि के दौरान सभी निर्देशों का पालन करें।
शनिवार को प्रदेश के विभिन्न ज़िलों के क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप से वर्चुअल चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। रतलाम एनआईसी कक्ष में इस अवसर पर रतलाम शहर विधायक श्री चैतन्य काश्यप, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे, रतलाम ग्रामीण विधायक श्री दिलीप मकवाना, कलेक्टर श्री गोपालचंद्र डाड, श्री राजेंद्रसिंह लुनेरा, श्री गोविंद काकानी, एडीएम श्रीमती जमुना भिड़े, एसडीएम श्री अभिषेक गेहलोत एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। रतलाम क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप से चर्चा के दौरान रतलाम शहर विधायक श्री चैतन्य काश्यप ने आग्रह किया कि रतलाम में सीटी स्कैन मशीन स्थापना की अत्यंत आवश्यकता है। यह सौगात जितनी जल्दी रतलाम को मिल जाए उसे मरीजों को काफी सुविधा होगी। रेमेडीसिवर इंजेक्शन की उपलब्धता अभी हुई है यही उपलब्धता बनी रहे तो मरीजों को परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि रतलाम जिले में 19 अप्रैल प्रातः 6 बजे तक लाकडाऊन घोषित है। यहां लॉकडाऊन के माध्यम से संक्रमण की चेन तोड़ने के पूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन इसके समीप आसपास के जिलों में उक्त अवधि में लाकडाऊन नहीं होने से आवागमन भी हो सकता है और जिले के व्यापारियों में असंतोष भी हो सकता है। इसलिए आसपास के जिलों में भी एक समान रूप से लॉकडाऊन की स्थिति रहे ताकि इस संक्रमण की चेन को उक्त अवधि के दौरान पूरी तरह तोड़ा जा सके।