खरगौन । जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को भीकनगांव के आबकारी दल द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न गांवों में कार्यवाही की गई। आबकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सहायक जिला आबकारी अधिकारी आरएस राय के मार्गदर्शन में भीकनगांव के गांव बनहूर, बलखड़ एवं भग्यापुर में अवैध मदिरा विक्रेताओं के विरुद्ध कार्यवाही की गई। इस दौरान वृत प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मालवीय द्वारा मप्र आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1)क के तहत 5 प्रकरण दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्यवाही में 45 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त कर 1650 किलोग्राम महुआ लहान मौके पर विधिवत नष्ट किया गया। जब्त की गई सामग्री की कुल किमत 90 हजार रूपए है। कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे एवं संबंधित वृतों के आबकारी मुख्य आरक्षक एवं आबकारी आरक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।