वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन द्वारा आयोजित समर कैंप संपन्न

मुख्य अतिथि डीआरएम श्री कुमार ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

​जावरा (नि प्र) ।खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन और ऊंचाइयों को छूने का माध्यम है। इसी भावना के साथ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन (WREU) द्वारा आयोजित 35वें वार्षिक फुटबॉल समर कैंप का रविवार को भव्य समापन हुआ। रेलवे फुटबॉल ग्राउंड पर 19 अप्रैल से शुरू हुए इस शिविर में 5 से 15 वर्ष के 130 नन्हे फुटबॉलर्स ने कड़े अनुशासन में खेल की बारीकियां सीखीं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार रहे। उनके साथ यूनियन के मंडल अध्यक्ष ह्रदेश पांडे और मंडल मंत्री मनोहर सिंह बारठ विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुश्री अनुष्का दुबे रहीं, जिन्होंने जापान में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
रतलाम फुटबॉल क्लब और राजस्थान निंबाहेड़ा के बीच एक मैत्रीपूर्ण मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली और निर्धारित समय तक मैच 1-1 की बराबरी पर रहा। निंबाहेड़ा की टीम के कोच तालिब खान के नेतृत्व में मैदान पर उतरी थी। शिविर के दौरान बच्चों को चार हाउस (ब्लू, रेड, व्हाइट और येलो) में बांटकर प्रशिक्षित किया गया। कोच श्याम सुंदर केथवास,अनीस सिद्दीकी, कमल यादव, मदन रैकवार, अशोक नायडू, वेद प्रकाश शर्मा, मंजूर, जेम्स विलियम, सिद्धार्थ दालौर, रमेश बोरासी, अशोक नायडू, प्रदीप पारू ने बच्चों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया।
​मैच से पूर्व अतिथियों का स्वागत मंडल पदाधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन यूनियन फुटबॉल क्लब के सचिव व जेसी बैंक के पूर्व डायरेक्टर वाजिद खान ने किया। अंत में मंडल उपाध्यक्ष हरीश चंदवानी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
​वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन के मंडल प्रवक्ता अशोक तिवारी ने बताया कि यूनियन पिछले 35 वर्षों से लगातार इस कैंप के माध्यम से रेल कर्मियों और शहर के बच्चों को खेल के मंच से जोड़ रही है।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष, सचिव, युवा समिति, महिला समिति सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound