

जावरा (अभय सुराणा) । लायन्स क्लब, जावरा एवं लायन्स पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट, जावरा द्वारा संचालित लायन्स नेत्र चिकित्सालय में नवीन विशेष कक्ष “संघ शताब्दी भवन” के लोकार्पण समारोह का आयोजन सोमवार, 11 मई 2026 को पूज्य गुरुदेव उपाध्याय प्रवर श्री गौतम मुनिजी म.सा. एवं सेवाभावी आगम मर्मज्ञ श्री वैभव मुनिजी म.सा. की पावन निश्रा में तथा विशेष अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विभाग संघचालक माननीय तेजराम मांगरोदा एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में आशीर्वचन एवं नवीन विशेष कक्ष के लोकार्पण के साथ धर्मसभा का आयोजन भी हुआ। प्रारंभ में संस्था के पदाधिकारियों एवं पूर्वाध्यक्षों द्वारा पधारे अतिथियों का मोती मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया।
स्वागत उद्बोधन में लायन्स क्लब, जावरा अध्यक्ष MJF ला. यश जैन (एडवोकेट) ने कहा कि “मानव सेवा परमोधर्म” की भावना से लायन्स क्लब निरंतर जनसेवा के कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि “संघ शताब्दी भवन” नाम अपने आप में समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की सेवा का भाव व्यक्त करता है। नवीन विशेष कक्ष के निर्माण से मरीजों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा “सेवा परमो धर्म” के ध्येय वाक्य को और अधिक सार्थकता प्राप्त होगी।
इस अवसर पर पूज्य गुरुदेव श्री गौतम मुनिजी म.सा. ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि “नदी जहां-जहां बहती है, वह परोपकार की भावना से बहती है। नदी प्यासे की प्यास बुझाती है, स्वयं अपना पानी नहीं पीती। वृक्ष अपने फल स्वयं ग्रहण नहीं करते। इसी प्रकार संत भी स्वयं के लिए कुछ नहीं करते, उनका प्रयास सदैव परोपकार करना होता है। किसी के काम आना ही सच्चे इंसान की पहचान है।”
पूज्य गुरुदेव ने लायन्स क्लब एवं लायन्स नेत्र चिकित्सालय द्वारा वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाजहित में निरंतर प्रेरणादायी कार्य कर रही है।
आगम मर्मज्ञ श्री वैभव मुनि जी म.सा. ने अपने उद्बोधन में कहा कि संसार में व्यक्ति पुण्य को मानते हैं, किन्तु पुण्य के मार्ग पर नहीं चलते। जो व्यक्ति पुण्य की आत्मा को जानता है, वही सच्चे अर्थों में धर्म एवं भगवान को मानने वाला होता है। उन्होंने सेवा कार्य को मानव जीवन का श्रेष्ठ साधन बताते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सेवा एवं परोपकार के कार्यों में आगे आने का आह्वान किया। क्लब के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि श्री यश जैन के नेतृत्व में संस्था भविष्य में और भी बड़े आयाम स्थापित करे, ऐसी मंगलकामनाओं के साथ आशीर्वाद प्रदान किया।
संघ शताब्दी भवन के लोकार्पण अवसर पर विशेष अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विभाग संघचालक माननीय श्री तेजराम जी मांगरोदा ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 से लेकर 2025 तक की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ ने समाज संगठन, राष्ट्रभक्ति, संस्कार एवं सेवा कार्यों के माध्यम से समाज जीवन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने “मानव सेवा ही राष्ट्र सेवा” की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जुड़ने का संदेश दिया।
विशेष अतिथि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र गर्ग ने इस वर्ष को लायन्स क्लब, जावरा का ऐतिहासिक एवं स्वर्णिम कार्यकाल बताते हुए क्लब की गतिविधियों एवं सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। अंत में निर्माण समिति चेयरमैन पिंकेश मेहरा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुदेव ने सेवा के लिए जो मार्गदर्शन दिया है, निश्चित रूप से हम सभी उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष राकेश पी. कोचट्टा, पूर्वाध्यक्ष कमल जैन, घनश्याम रामनानी, डॉ. सुरेश मेहता, पवन मोदी, अरुण संघवी, गोपाल सेठिया, सुजानमल कोचट्टा, नरेंद्र संघवी, मनीष कोचर, राजकुमार मारवाड़ी, शेखर नाहर, विपिन चौरड़िया, विनोद सेठिया, हेमंत श्रीमाल, कमल सारड़ा, प्रकाश अरोड़ा, संदीप रांका, प्रतीक जैन, देवेंद्र शर्मा, नियति, अजय चौरसिया, राकेश मेहता, पारस गादिया, विनोद लूनिया, सुभाष टुकड़िया, अनिल पोखरना, चंद्रप्रकाश ओस्तवाल, मनोज जैन, सुशील चपड़ोद, अभय सुराणा, अतुल मेहता, नितिन कोलन, यश मेहता सहित बड़ी संख्या में समाजजन, गणमान्य नागरिक एवं लायन्स क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सचिव अशोक चोपड़ा एवं सुजानमल कोचट्टा द्वारा किया गया।