जिला कलेक्टर को पेयजल की गुणवत्ता के संबंध में लिखा पत्र
रतलाम 14 मई । रतलाम नगर निगम द्वारा शहर में पेयजल गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक जानकारी का नगरपालिक निगम रतलाम ने खंडन किया है। वार्ड क्रमांक 24 सहित विभिन्न क्षेत्रों में जल गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट में पानी पूरी तरह सुरक्षित एवं मानकों के अनुरूप पाया गया है इस बाबत् जिला कलेक्टर को भी पत्र प्रेषित किया है।
निगम आयुक्त अनिल भाना ने जिला कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर अवगत कराया है कि 10 मई रविवार को सोशल मिडिया पर 15.50 मिनट का विडियो वाइरल हो रहा है जिसमें रविन्द्र जैन, सम्पादक ‘‘सब की खबर’’ एवं मोहम्मद सलीम बागवान के मध्य रतलाम शहर में 3.50 लाख लोगो को गंदे पानी पिलाये जाने बाबत चर्चा वाइरल हो रही है, जिसमें निगम द्वारा गंदे पानी पर कार्यवाही नहीं करने तथा मोहम्मद सलीम बागवान द्वारा आवाज उठाये जाने पर उनके वार्ड क्षेत्र में विकास कार्य नहीं करवाये जा रहे है का उल्लेख है।
वाइरल विडियों के सम्बन्ध में लेख है कि वार्ड क्रमांक 24 के सम्मानीय पार्षद मोहम्मद सलीम बागवान द्वारा दिनांक 25.04.2024 को एनजीटी में उनके वार्ड क्षेत्र में गंदा पानी मिलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया इनके द्वारा एनजीटी प्रकरण क्रमांक 98/2024 (सीजेड) दर्ज किया गया है। उक्त प्रकरण में माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण भोपाल में सुनवाई की जा रही है जिसमें आगामी दिनांक 20.05.2026 नियत की गई है। माननीय राष्ट्रीय हरित अधिकरण भोपाल द्वारा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उज्जैन के अधिकारियों को निर्देशित किया जाकर वस्तुस्थिति से अवगत कराने बाबत नियुक्त किया गया था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उज्जैन द्वारा दिनांक 06.01.2026 एवं 16.01.2026 को वार्ड क्रमांक 24 में जलप्रदाय वितरण के समय उपस्थित होकर मोहम्मद सलीम बागवान की उपस्थिति में तथा 24.03.2026 को शहर के विभिन्न वार्डों के पानी के सेम्पल लिये जाकर उनकी जॉच की गई जिसमें किसी प्रकार का टोटल कोलीफार्म (फिकल कोलीफार्म) नहीं पाया गया तथा हार्ड नेस, टी०डी०एस०, टर्बिटीडी, पी०एच०, केल्शियम, मेग्नेशियम, टोटल एलकेलीटी इत्यादि निर्धारित मात्रा में पाये गये। उक्त निरीक्षण का मौका पंचनामा एवं टेस्ट रिपोर्ट विभाग में उपलब्ध है। इसके अलावा नगर निगम की टीम एवं अमृत मित्र द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रो से पानी के सेम्पल लिये जाकर टेस्ट करवाये जाते है जिसकी रिपोर्ट कार्यालय में उपलब्ध है। विगत एक वर्ष में शहर के विभिन्न क्षेत्रो से अमृत मित्र द्वारा 5180, नगर निगम के केमिस्टों द्वारा पृथक-पृथक क्षेत्र से जल के 560 एवं फिल्टर प्लांट एवं ओव्हर हेड टैंक से 910 कुल 6650 सेम्पलो की जॉच की गई जिसमे से किसी प्रकार हानिकारक तत्व एवं बैक्टीरिया नहीं पाये गये।
शहर में पानी सप्लाय के समय वाल्वमेन, झोन प्रभारी एवं उपयंत्री द्वारा निरीक्षण किया जाता है यदि कहीं पाईप लाईन, वाल्व आदि लिकेज पाये जाते है तो तत्काल दुरूस्त करवाये जाते है। सम्मानीय पार्षदों, नागरिको तथा वरिष्ठ अधिकारियो से गंदे पानी की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्यवाही कर निराकरण करवाये जाते है।
रतलाम शहर में अमृत 2.0 योजना अन्तर्गत 273 कि०मी० की पेयजल पाईप लाईन डाली जाना है जिसमें से 176 कि०मी० डाली जा चुकी है, जो कि कुल योजना के 65 प्रतिशत होती है। अमृत 2.0 योजनान्तर्गत वार्ड क्रमांक 24 के क्षेत्र कुंजडो का वास, अशोक नगर, औझाखाली, शिक्षा विभाग, संत रविदास चौक आदि क्षेत्रों में पाईप लाईन को बदल दिया गया है। वार्ड क्रमांक 24 की 6274 जनसंख्या जिसमें लगभग 1,000 नल कनेक्शन है। विगत 06 माह में वार्ड क्रमांक 24 से सी०एम० हेल्पलाईन अन्तर्गत 07 गंदे / दूषित पानी संबंधी कोई शिकायत प्राप्त हुई थी जिनका निराकरण होने पर शिकायतकर्ता द्वारा स्वयं संतुष्टी पूर्वक शिकायत बंद करवायी गयी है।
वार्ड क्रमांक 24 में (तत्कालीन परिषद गठन) दिनांक 07.08.2022 के पश्चात राशि रूपये 70,33,515/- के विकास कार्य पूर्ण करवा दिये गये है तथा राशि रूपये 44,21,250/- के कार्यों की निविदा प्रक्रिया में है। अमृत 2.0 योजना अन्तर्गत लगभग राशि रूपये 49.00 लाख से पेयजल पाईप लाईन डाली गई है, नगर निगम के प्रकाश विभाग द्वारा राशि रूपये 24.00 लाख के कार्य करवाये गये है। इसके अतिरिक्त म०प्र० लोक निर्माण विभाग द्वारा करमदी रोड फोरलेन निर्माण एवं नाला निर्माण करवाया गया है।