बंजली में जल चौपाल आयोजित, जल बचाने का दिया सन्देश

रतलाम 21 मई। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म काल में पेयजल व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने एवं जल से सम्बन्धित समस्याओं के निराकरण हेतु विशेष जल चौपाल आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में रतलाम विकासखंड के ग्राम बंजली में रतलाम शहर एसडीएम आर्ची हरित, जनपद पंचायत सीईओ श्री सीएस वास्कले ,पीएचई विभाग के सहायक यंत्री श्री डी सी कथिरिया की उपस्थिति में जल चौपाल आयोजित की गई । चौपाल में वर्तमान में पंचायत में चल रही पेयजल व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण महिलाओं से चर्चा की गई। चर्चा के दौरान महिलाओं ने बताया कि नलजल योजना से अब घरो तक पानी मिलने से सुविधा हुई है। जल चौपाल में ग्रामीणों ने नवीन नलकूप की मांग रखी।
चौपाल में एसडीएम आर्ची हरित ने बताया कि ग्रीष्म काल में अधिकतर पेयजल स्त्रोतों का जल स्तर नीचे चला जाता है अतः हमें पानी को महत्वपूर्ण मानते हुए मितव्ययिता से इसका उपयोग करना चाहिए, पानी व्यर्थ न बहे इसलिए नलों पर टोटियां लगानी चाहिए तथा पंचायत स्तर पर जल बचाने के कार्य करने चाहिए।
चौपाल में जनपद सीईओ श्री वास्कले ने ग्राम में चल रही अन्य शासकीय योजनाओं व जल गंगा संवर्धन अभियान के सम्बन्ध में जानकारी दी । सहायक यंत्री श्री कथिरिया ने जल गुणवत्ता पर जानकारी देते हुए बताया कि जल उपलब्धता के साथ उसकी गुणवत्ता की जानकारी हमें होना चाहिए तथा पेयजल स्त्रोतों के आस पास स्वच्छता बनाए रखना चाहिए। उन्होने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल व्यवस्थाओं को लेकर पीएचई विभाग हमेशा तत्पर है। चर्चा के दौरान लोगों ने सवाल किए ओर अपने सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिला सलाहकार आनंद व्यास द्वारा जल की गुणवत्ता जांचने हेतु फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से परीक्षण कर विधियां बताई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बंजली सरपंच श्रीमती निर्मला भुरालाल डाबी, सचिव श्री भुपेन्द्र सिह राठोड, पीएचई उपयंत्री अर्पित चतर, विकासखंड समन्वयक बबन बेनल, नल चालक श्री निलेश भाटी पंच अमरत जाट, श्रीमती रुकमा बाई, श्रीमती बसन्तिबाई श्रीमती लीला बाई तथा ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound