यातायात नगर योजना में अपूर्ण विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जाकर भूखंड आवंटन की कार्यवाही प्रारंभ किए जाने का निर्णय


रतलाम 26 मई । रतलाम विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित नगर विकास योजना क्रमांक -2 के क्रियान्वयन हेतु निविदा आमंत्रण की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाएगी । आज पूर्वान्ह प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में तदाशय के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई । बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्राधिकरण अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल ने कहा कि नगर विस्तारीकरण को दृष्टिगत रखते हुए उक्त योजना का क्रियान्वयन अत्यंत महत्वपूर्ण है एवं इसे प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जायेगा । त्रिवेणी मेला स्थल के समीप लगभग 68 हैक्टेयर भूमि क्षेत्रफल में प्रस्तावित योजना के मानचित्र को नगर तथा ग्राम निवेश विभाग द्वारा वर्ष 2023 में स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है । योजना के विकास कार्यों हेतु संचालक मंडल द्वारा बैठक में आवश्यक वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई । संचालक मंडल द्वारा लिये गए एक अन्य निर्णयानुसार सालाखेड़ी में विकसित किये जा रहे यातायात नगर के अपूर्ण विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जाकर भूखंड आवंटन की कार्यवाही यथा शीघ्र प्रारंभ की जाएगी ।
बैठक में अन्य उपस्थित प्रमुख जनों में प्राधिकरण के उपाध्यक्षद्वय श्री गोविंद काकानी,श्री प्रवीण सोनी, संचालक मंडल सदस्यगण सर्व श्री राजेंद्र गोयल, राजेंद्र मौर्य, धीरज व्यास, श्रीमती राखी व्यास एवं श्रीमती किरण महावर सहित शासकीय सदस्य गण सम्मिलित थे । संचालक मंडल द्वारा श्री परशुराम विहार योजना में रिक्त भूखंडों के व्ययन की भी स्वीकृति प्रदान की गई, योजना में उद्यान के समुचित सौंदर्यीकरण एवं सोलर लाइटिंग के माध्यम से अपेक्षित विकास कार्य कराए जाएंगे, क्षेत्र की साफ -सफाई उपरांत शीघ्र ही प्राधिकरण इन भूखंडो के विक्रय की कार्यवाही प्रारंभ करेगा ।
हुडको क्षेत्रीय कार्यालय- भोपाल द्वारा प्राधिकरण को रुपये 25.00 करोड़ का ऋण अविकसित योजनाओं को पूर्ण करने हेतु स्वीकृत किया गया है । न्यूनतम ब्याज दर पर स्वीकृत उक्त ऋण के संबंध में आगामी कार्यवाही हेतु भी संचालक मंडल द्वारा निर्णय लिया गया । वित्तीय वर्ष 2025 -26 के आय -व्यय लेखे को भी संचालक मंडल द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई ।
बैठक में अशासकीय पदाधिकारी गण के अतिरिक्त संचालक मंडल के शासकीय सदस्यगण श्री करुणेश दंडौतिया,उपायुक्त नगर निगम, कार्यपालन यंत्री,लोक निर्माण विभाग, कार्यपालन यंत्री,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कार्यपालन यंत्री, मध्य प्रदेश विद्युत मंडल एवं उपसंचालक,नगर तथा ग्राम निवेश के प्रतिनिधि, प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री श्री सचिन हरित आदि उपस्थित थे । प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार शर्मा ने संचालक मंडल के समक्ष प्रस्तावों को प्रस्तुत किया एवं बैठक के अंत में उपस्थितजनों का सहभागिता हेतु आभार प्रकट किया ।