हसमुख जैन गांधी गौरव अध्यक्ष एवं सुमत लुहाड़िया अध्यक्ष बने

इन्दौर (राजेश जैन दद्दू)। सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक समवशरण दिगम्बर जैन मंदिर अंतर्गत तुकोगंज दिगम्बर जैन समाज के चुनाव अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुए। वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती रानी अशोक दोषी के प्रस्ताव पर सर्वानुमति से हसमुख जैन गांधी गौरव अध्यक्ष एवं सुमत जैन लुहाड़िया अध्यक्ष मनोनित किए गए।
वार्षिक साधारण सभा में सम्पूर्ण समाजजन, सम्माननीय ट्रस्टीगण एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभा में समाज की एकता, संगठन, धार्मिक संस्कारों एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया। समाज प्रवक्ता राजेश जैन दद्दू ने बताया कि नवमनोनीत पदाधिकारियों को समाज के वरिष्ठ जन आजाद जैन, अशोक खासगीवाला, अमित कासलीवाल डॉ जैनेन्द्र जैन, टीके वेद आनंद गोधा डीके जैन डीएसपी मनोज मुकेश बाकलीवाल आदि समाज जन ने आत्मीय अभिनंदन करते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की बंधाई एवं शुभकामनाएं दी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
समवशरण दिगम्बर जैन मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि साधना, त्याग एवं आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण तीर्थ भी है। मंदिर परिसर में स्थित अत्यंत प्राचीन श्राविकाश्रम में 60 ब्रह्मचारी बहनें निरंतर साधना, स्वाध्याय एवं आराधना में लीन हैं, जो इस स्थल की आध्यात्मिक गरिमा को विशेष ऊंचाई प्रदान करता है।
मंदिर में विश्व की सबसे बड़ी स्फटिक निर्मित भगवान शांतिनाथ की भव्य एवं दिव्य प्रतिमा विराजमान है, जिसके दर्शन हेतु देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह पावन स्थान पं. रतनलाल जी शास्त्री की साधना स्थली के रूप में भी विशेष ख्याति रखता है, जहां से धर्म, अध्यात्म एवं संस्कारों की प्रेरणा निरंतर प्रवाहित होती रही है।
मंदिर ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा प्रदीप कुमार सिंह कासलीवाल के मार्गदर्शन में मंदिर की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां निरंतर विस्तार प्राप्त कर रही हैं। सभा के अंत में समाज की निरंतर प्रगति, धार्मिक चेतना एवं संगठनात्मक मजबूती हेतु सामूहिक संकल्प व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound