विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा अभियान के तहत विभिन्न स्टेशनों एवं कॉलोनियों में जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान आयोजित

एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण

रतलाम, 29 मई। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026 के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रतलाम स्टेशन पर रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा “ एक पेड़ मां के नाम ” थीम पर पर्यावरण संरक्षण संबंधी जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान में रेलवे कर्मचारी, यात्री, फूड स्टॉल संचालक एवं संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
डॉ. अम्बेडकर नगर रेलवे कॉलोनी में कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को “ एक पेड़ मां के नाम ” अभियान के तहत पौधारोपण के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा गीले एवं सूखे कचरे को पृथक-पृथक रखने हेतु जागरूक किया गया।
रतलाम स्टेशन पर उचित कचरा पृथक्करण (Waste Segregation) विशेषकर जैविक कचरे के पृथक्करण एवं प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने के संबंध में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित कर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। दाहोद स्टेशन पर यात्रियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल टिकटिंग प्रणाली अपनाने तथा कागज के उपयोग में कमी लाने हेतु जागरूक किया गया। अभियान के दौरान डिजिटल माध्यमों के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण में होने वाले लाभों की जानकारी प्रदान की गई।
विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026 के अंतर्गत नीमच स्टेशन पर “एक स्टेशन एक उत्पाद” योजना के तहत पर्यावरण अनुकूल एवं स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने हेतु यात्रियों को जागरूक किया गया। साथ ही डिजिटल टिकट प्रणाली को प्रोत्साहित कर कागज की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। उज्जैन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर गहन साफ-सफाई करवाई गई। इस दौरान यात्रियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ एवं हरित रेलवे परिसर बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया।
रतलाम मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त परिसर के लिए विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound