गर्भवती महिलाओं की प्रथम जांच गर्भ के 12 सप्ताह के अंदर सुनिश्चित की जाए-कलेक्टर

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त बैठक संपन्न

रतलाम । कलेक्टर सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। समीक्षा बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन,डीन मेडीकल कालेज अनिता मुथा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संध्या बेलसरे,जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री रामनिवास बुधौलिया सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण संबंधित आंकड़े स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत किए जाए तथा मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग मिलकर गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को सेवाएं प्रदान करें। गर्भवती महिलाओं की प्रथम जांच गर्भ के 12 सप्ताह के अंदर सुनिश्चित की जाए। मातृ-मृत्यु मामलों की समीक्षा करते हुए सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की प्रसव की अनुमानित तिथि के आधार पर नजदीकी प्रसव केन्द्र के साथ उनकी मैपिंग की जाए और समय पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाए। कलेक्टर ने विगत बैठक से अब तक की प्रगति की तुलनात्मक समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले की समस्त गर्भवती महिलाओं की अनमोल पोर्टल पर प्रविष्टि करते हुए प्रोटोकॉल अनुसार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने एवं गर्भवती महिलाओं में सीवियर एनीमिया मैनेजमेंट, नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस के स्टैंडर्ड के अनुसार गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सेक्टर मेडिकल ऑफिसर मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे हैं कार्य की प्रति सप्ताह समीक्षा कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री टी बी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग करके पॉजिटिव मरीजो को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निर्देशित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound