

जावरा । जावरा नगर के प्रमुख आस्था केंद्र श्री जागनाथ महादेव मंदिर की जर्जर हो चुकी छत और मंदिर परिसर की स्थिति को लेकर सोमवार को विधायक, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ), तहसीलदार, नगरपालिका पूर्व अध्यक्ष सहित प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। मंदिर के कुछ हिस्सों की खराब स्थिति को देखते हुए विधायक ने अधिकारियों और इंजीनियरों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से जायजा लिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विधायक ने स्पष्ट कहा कि मंदिर की गरिमा, भव्यता और आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मौके पर मौजूद इंजीनियरिंग टीम को कड़े निर्देश देते हुए विधायक ने मंदिर की जर्जर छत की मरम्मत एवं आवश्यक निर्माण कार्यों की संपूर्ण कार्ययोजना तैयार कर अगले दो दिनों के भीतर कार्य प्रारंभ करने के आदेश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को मंदिर परिसर के विकास, सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर शीघ्र अमल में लाने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन करते हुए भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों पर भी चर्चा की। प्रशासन का मानना है कि समय रहते मरम्मत एवं विकास कार्य पूर्ण होने से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका के तकनीकी विशेषज्ञ, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में जल्द शुरू होने वाले कार्यों को लेकर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में संतोष और उत्साह का माहौल देखा गया।