बाल कलाकार दो नाटकों का मंचन करेंगे


रतलाम । नन्हें कलाकारों को मंच से जोड़ने एवं उन्हें रंग कर्म की बारीकियों से अवगत कराने के उद्देश्य से ‘युगबोध’ नाट्य संस्था द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ग्रीष्मकालीन बाल नाट्य शिविर का समापन 6 जून शनिवार को सायं 7 बजे लाॅ काॅलेज सभागार, आनंद कालोनी, रतलाम पर होगा ।
उक्त जानकारी देते हुए युगबोध के अध्यक्ष एवं शिविर के प्रशिक्षक , वरिष्ठ रंगकर्मी श्री ओम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि युगबोध द्वारा 2009 से प्रतिवर्ष ग्रीष्मकालीन बाल नाट्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है । कोरोना काल को छोड़कर यह शिविर प्रतिवर्ष आयोजित होता रहा । इस शिविर के माध्यम से शहर के बच्चों को रंगकर्म से जोड़ने की कोशिश की जाती है । यह शिविर पूर्णतः निःशुल्क होता है । इसमें बच्चों को रंगकर्म के प्रशिक्षण के साथ संवाद अदायगी , भाषा एवं उच्चारण तथा कला के विभिन्न पक्षों की जानकारी प्रदान की जाती है । इस वर्ष शिविर की शुरुआत 5 मई को की गई थी। शिविर में 18 बच्चों ने हिस्सेदारी की ।
‘मुहावरों का न्याय’ और ‘समर कैंप’ का मंचन करेंगे बच्चे
श्री मिश्रा ने बताया कि शिविर के दौरान बच्चों ने दो नाटक तैयार किए हैं। स्नेहलता दीक्षित के नाटक ‘ मुहावरों का न्याय ‘ और आशीष दशोत्तर के नाटक ‘ समर कैंप ‘ का मंचन होगा। नाटक ‘मुहावरों का न्याय’ हमारी शासन प्रणाली की आम इंसान के प्रति अनदेखी पर कटाक्ष करता है वहीं दूसरा नाटक ‘समर कैंप’ चार दिन में चौंसठ कलाएं सिखाने वाली होड़ और उसके पीछे की असलियत को उजागर करता है । उन्होंने शहर के रंगकर्मियों एवं सुधिजनों से आयोजन में उपस्थित होने का आग्रह किया है।