लायंस नेत्र चिकित्सालय में एसडीएम सुनील जायसवाल का निरीक्षण, सेवा कार्यों की सराहना

जावरा (अभय सुराणा) । लायंस क्लब जावरा द्वारा मानव सेवा परमो धर्म के ध्येय वाक्य को साकार करते हुए निरंतर सेवा गतिविधियों को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में लायंस नेत्र चिकित्सालय में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्री सुनील जायसवाल का आधिकारिक निरीक्षण हेतु आगमन हुआ। उनके साथ उपस्थित अधिकारियों ने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं, उपकरणों एवं संचालित सेवा गतिविधियों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण उपरांत आयोजित स्वागत समारोह में एसडीएम श्री जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं पूर्वाध्यक्षों द्वारा उनका शाल, श्रीफल एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
संस्था अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि लायंस नेत्र चिकित्सालय वर्षों से सेवा, समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ समाज के जरूरतमंद एवं अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय के माध्यम से नेत्र परीक्षण, मोतियाबिंद उपचार, नेत्रदान एवं देहदान जनजागरण, डायग्नोस्टिक सेंटर सहित विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। वर्तमान सत्र में भी अनेक नवीन सेवा उपक्रम प्रारंभ किए गए हैं, जिनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य एवं सेवा का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब जावरा सेवा के प्रत्येक क्षेत्र में समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है।
मुख्य अतिथि श्री सुनील जायसवाल ने लायंस क्लब जावरा की सेवा गतिविधियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि वे लंबे समय से क्लब द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों को देख रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से नेत्र चिकित्सालय, डायग्नोस्टिक सेंटर, नेत्रदान, देहदान एवं अन्य सेवा प्रकल्पों की सराहना करते हुए क्लब के अध्यक्ष एवं समस्त सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाजहित के ऐसे सेवा कार्यों में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्था द्वारा नेत्र परीक्षण हेतु मंगाई गई आधुनिक स्लिट लैम्प (Slit Lamp) मशीन का लोकार्पण एवं शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री जायसवाल, उपस्थित अधिकारियों एवं लायंस सदस्यों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में पूर्वाध्यक्ष पवन मोदी, अरुण संघवी, घनश्याम रामनानी, गोपाल सेठिया एवं सुजानमल कोचट्टा सहित अनेक लायंस सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में लायन विजय राठौर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अतिथियों ने लायंस क्लब जावरा द्वारा संचालित सेवा गतिविधियों एवं नेत्र चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound