

फलदार एवं वानिकी पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, पौधों की देखभाल का भी लिया संकल्प
जावरा (अभय सुराणा)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कार्यालय अनुविभागीय कृषि अधिकारी एवं प्राचार्य कृषक प्रशिक्षण केंद्र, जावरा परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सेवा केंद्र जावरा तथा कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र जावरा की संचालिका बी.के. सावित्री दीदी, बी.के. शिवकन्या दीदी सहित सेवा केंद्र के भाई-बहनों ने प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री एन.के. छारी ने पर्यावरण सुरक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री के.आर. खेडे ने प्रोजेक्ट प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को समय-समय पर उपलब्ध कराई जाने वाली कृषि संबंधी जानकारी और योजनाओं के बारे में अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान श्री एन.के. छारी, श्रीमती निशा सोलंकी तथा कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर कार्यालय परिसर में कुल 25 पौधों का रोपण किया। इनमें 10 फलदार एवं 15 वानिकी प्रजाति के पौधे शामिल रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बी.के. सावित्री दीदी ने कहा कि वृक्ष केवल हमें ऑक्सीजन और फल ही नहीं देते, बल्कि वे धरती का श्रृंगार और मानव जीवन का आधार हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि पर्यावरण दिवस केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लिया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक मानव का प्रकृति से संबंध बना रहेगा, तब तक उसका अस्तित्व सुरक्षित रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन कृषि विस्तार अधिकारी श्री इन्दरसिंह भयड़िया ने किया। समापन अवसर पर कृषि विस्तार अधिकारी श्री बण्डुसिंह अलावा ने बी.के. सावित्री दीदी, बी.के. शिवकन्या दीदी सहित सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी संदेश दिया।