सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जावरा शाखा द्वारा आयोजित मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप में 15 करोड़ के ऋण वितरित

जावरा 6 जून (अभय सुराणा)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, जावरा शाखा द्वारा शनिवार को मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को बैंक की विभिन्न कृषि एवं कृषि संबद्ध ऋण योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना था। शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संतोष कुमार, क्षेत्रीय प्रमुख, रतलाम क्षेत्र रहे, जबकि श्री एन. के. सोनी, डीडीएम नाबार्ड विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र की प्रगति के लिए संस्थागत ऋण की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं कृषि आधारित उद्यमों को अपनाने के लिए बैंकिंग सुविधाओं का लाभ लेना चाहिए।
मेगा कृषि ऋण आउटरीच कैंप में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), डेयरी ऋण, पॉली हाउस ऋण तथा अन्य कृषि ऋण योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए। इस अवसर पर किसानों को कुल ₹15 करोड़ के कृषि ऋण का वितरण किया गया।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कृषि निवेश, पशुपालन एवं आधुनिक खेती से संबंधित वित्तीय सहायता के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। शिविर में किसानों की ऋण संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जावरा शाखा के श्री सौरभ मेहता एवं श्री हरीश शर्मा, बांगरोद शाखा के श्री त्रिलोक सांखला, कालूखेड़ा शाखा के श्री विकास गौड़, रिंगनोद शाखा के श्री विनोद चौहान तथा बड़ावदा शाखा के श्री शंकर सिंह चौहान का विशेष योगदान रहा।
अंत में अतिथियों ने किसानों से बैंक की कृषि ऋण योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया तथा कहा कि ऐसे आयोजन किसानों की आर्थिक समृद्धि एवं ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound