ग्रीष्मकालीन बाल नाट्य प्रशिक्षण शिविर के समापन पर हुआ मंचन


रतलाम। शहर की सक्रिय नाट्य संस्था ‘युगबोध’ द्वारा ग्रीष्मकालीन बाल नाट्य शिविर के समापन अवसर पर नाट्य मंचन किया गया । यह युगबोध के ग्रीष्मकालीन बाल नाट्य शिविर आयोजन का लगातार 15 वर्ष था । इस अवसर पर पंद्रह कलाकारों ने दो नाटकों के माध्यम से समाज की विसंगतियों एवं व्यवस्था की विद्रूपताओं से परिचित करवाया।
नाटकों से बच्चों ने दी बड़ों को सीख
‘समर कैंप’ नाटक ने यह संदेश दिया कि समर कैंप के नाम पर बच्चों को मशीन बनाया जा रहा है। आशीष दशोत्तर द्वारा लिखित इस नाटक ने पालकों को यह संदेश दिया ” आप ज़रा इन बच्चों से कुछ सीख लीजिए । कितने होनहार बच्चे हैं । हर दिन नई कला सीख रहे हैं और एक आप हैं कि बरसों एक ही कला सीखने में लगा रहे हैं । यह नया ज़माना है , नए ज़माने के साथ चलिए और हर दिन नई कला सीखिए । ये बच्चे आने वाले समय में क्या-क्या कर दिखाएंगे , आपको अंदाजा नहीं है । आप तो अपने बच्चों को ऐसे समर कैंप में भेजते रहिए और ख़ुद चादर तानकर सो जाइए । क्योंकि जो कुछ करना है , अब समर कैंप को ही करना है । आपको कुछ नहीं ।”
इसी तरह स्नेहलता दीक्षित द्वारा लिखित नाटक ‘ मुहावरों का न्याय ‘ में मुहावरों के माध्यम से शासन की लचर व्यवस्था और आम आदमी के साथ होने वाले अन्याय को प्रदर्शित किया गया।
अतिथियों ने की सराहना
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायंस क्लब के संदीप निगम, कार्यक्रम अध्यक्ष हम लोग संस्था के अध्यक्ष सुभाष जैन, विशेष अतिथि शिक्षक सांस्कृतिक मंच अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कलाकारों द्वारा किए गए प्रदर्शन को सराहा और विश्वास जताया कि भविष्य में ये कलाकार रतलाम की पहचान बनेंगे । युगबोध अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन दिया। अतिथियों का स्वागत वरिष्ठ रंगकर्मी कैलाश व्यास, यूसुफ़ जावेदी, ललित चौरड़िया, युवा रंगकर्मी श्रेयस शर्मा, मयुरेश भावे ने किया।
इन कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
दोनों नाटकों में अपने अभिनय से जिन नन्हें कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई उनमें हर्षिता मित्तल, कश्वी कटारिया,पीहू शर्मा, आर्या शर्मा, धारवी मोदी, अनन्या वर्मा, खुशी सोनी,गौरी सोनी, दक्षा राठोर, रितुल कोठारी, मनन केरवाल, दर्पिका केरवाल, अर्थ दशोत्तर, वात्सल्य पंवार, दुर्वा राठौर और अन्य कलाकार शामिल रहे। नाटक का निर्देशन ओमप्रकाश मिश्र ने किया।सह निर्देशक श्वेता कटारिया रही। सहयोग ब्राह्मण बोर्डिंग न्यास, हम लोग संस्था, लायंस क्लब, शिक्षक सांस्कृतिक मंच का रहा। बच्चों को सुभाष जैन, डॉ. प्रदीप सिंह राव, रणजीत सिंह राठौर , उदय कुंवर पंवार, संदीप निगम, दिनेश शर्मा ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर ओमप्रकाश मिश्र और आशीष दशोत्तर का सम्मान किया गया। कार्यक्रम संचालन सतीश भावे ने किया। आयोजन में वरिष्ठ साहित्यकार प्रो रतन चौहान, डॉ सुलोचना शर्मा, गोपाल जोशी, महावीर वर्मा, एस.सी. करमरकर, नवनीत मेहता, श्याम सुंदर भाटी, कीर्ति शर्मा, विनीता ओझा, मनमोहन उपाध्याय , संजय ओझा, विभा राठौर, सलीम पठान, भगवान सिंह महावर, रशेष राठौर सहित शहर के नाट्यप्रेमी, साहित्यकार मौजूद थे।