ऑक्सीजन एवं रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी नहीं आने पाए- संभागायुक्त श्री यादव

  • ऑक्सीजन एवं रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी नहीं आने पाए- संभागायुक्त श्री यादव
  • लॉकडाउन का सख्ती से कराएं पालन
  • रोको-टोको अभियान सतत चलाकर करे चालानी कार्रवाई-आईजी श्री देशमुख, जिला अस्पताल में की जा रही है अतिरिक्त ऑक्सीजन युक्त बेड की व्यवस्था, नया कोविड-19 केयर सेंटर हो रहा है तैयार-कलेक्टर श्री शुक्ला
  • संभागायुक्त उज्जैन श्री संदीप यादव एवं आईजी श्री योगेश देशमुख ने कोविड मैनेजमेंट की बैठक ली

देवास | संभागायुक्त उज्जैन श्री संदीप यादव एवं आईजी श्री योगेश देशमुख ने आज देवास पहुंचे तथा यहां उन्होंने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कोविड-19 मैनेजमेंट के संबंध में बैठक ली। इस दौरान कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ शिवदयाल सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, एडीएम श्री महेंद्र सिंह कवचे, एएसपी श्री मंजीत सिंह चावला, नगर निगम आयुक्त श्री विशाल सिंह चौहान, एसडीएम श्री प्रदीप सोनी, सीएसपी विवेक सिंह चौहान, सीएमएचओ डॉ.एमपी शर्मा, डीएसपी ट्रैफिक श्री किरण शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में संभागायुक्त श्री संदीप यादव ने जिले में कोविड-19 के संबंध समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण और तेजी से न फैलें तथा इसे रोकने के लिए हरसंभव प्रयास किये जाए। उन्‍होंने कहा कि कोरोना गाइड लाइन और कोरोना लॉकडाउन का पालन सख्‍ती से कराया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों की तरफ आने वाली भीड़ से कोरोना बहुत तेजी से फैल रहा है। इसे रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
जिले में मरीजों को ऑक्सीजन एवं रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी नहीं होने पाए, इसका विशेष ध्यान रखे। ऑक्सीजन का पर्याप्त स्टॉक रखें तथा इंजेक्शन की व्यवस्था भी बनाए रखे। ऑक्सीजन के सिलेंडर चौबीसों घंटे भरवाकर रखें। इसकी कमी नहीं हो। उन्होंने कहा कि पूरी स्थिति को नियंत्रण में रखें तथा सतत मॉनिटरिंग भी करते रहें। उन्‍होंने सरकार और निजी अस्‍पतालों में उपचार के लिए पलंगों की संख्‍या, ऑक्‍सीजन की उपलब्‍धता, रेमडेसीवर इंजेक्‍शन की उपलब्‍धता, कंट्रोल रूम तथा कोरोना कर्फ्यू आदि के संबंध में विस्‍तार से जानकारी लेकर आवश्‍यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को कोविड-19 के संबंध में लागातार जानकारी भी दे तथा अस्पताल में बेड, ऑक्सीजन एवं दवाईयों की भी लगातार जानकारी देते रहें।
मरीजों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराएं
बैठक में संभागायुक्त श्री यादव ने कहा कि जिला अस्पताल, स्वास्थ्य संस्थाओं एवं कोविड केयर सेंटर में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों के ऑक्सीजन लेवल, बी पी, टेंपरेचर, आदि की लगातार मॉनिटरिंग करें तथा उसी अनुरूप उनका उपचार किया जाए। कोविड मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर पर कोई कोताही ना बरते, उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ हो सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल के वार्डों में भर्ती कोविड-19 के मरीजों से उनके परिजन नहीं मिले। मरीज के परिजन कोविड वार्ड में नहीं जाएं तथा मरीज के संबंध में जानकारी बाहर ही प्रदान करे।
कोरोना गाइड लाईन तथा लॉकडाउन का पालन सख्‍ती से कराएं
बैठक में संभागायुक्त श्री यादव ने कहा कि जिले में कोरोना गाइड लाइन एवं लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाएं। रोको-टोको अभियान सतत चलाते रहें तथा जो मास्क नहीं पहने हो उन्हें समझाइश भी दे साथ ही चालानी कार्रवाई भी करें।
शादी-ब्याह में कम से कम लोग हो शामिल, जिलेवासियों से किया आग्रह
आगामी दिनों में शादी-ब्याह प्रारंभ हो जाएंगे। शादी-ब्याह एवं अन्य मांगलिक कार्यों व सामाजिक कार्यक्रमों में कम से कम लोगों की उपस्थिति हों। इसका विशेष ध्यान रखें। उन्होंने जिलेवासियों से भी अग्राह किया है कि शादी-ब्याह, अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में कम से कम लोगों की उपस्थिति हों। कार्यक्रम में कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन सुनिश्चित करें। कोविड-19 का उल्लंघन होने पर कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में संभागायुक्त श्री यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणजन अपने स्तर पर एक टीम गठित करें, जिसमें यह तय करें कि गांव में बाहरी व्यक्ति न आने पाए। उन्होंने फायर फाइटिंग की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाए
बैठक में आईजी श्री योगेश देशमुख ने निर्देश दिए कि जिले में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करते हुए पाए जाने तथा बिना मास्क के घूमने वालों पर चालानी कार्रवाई करें। साथ ही उनके साथ व्यवहार अच्छा रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी/कर्मचारी मुस्तैदी से ड्यूटी दें।
बैठक में कलेक्टर श्री शुक्ला ने बताया कि जिला अस्पताल में कोविड-19 मरीजों की बढ़ोत्तरी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिला अस्पताल अतिरिक्त 100 ऑक्सीजन युक्त बेड लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही जिला अस्पताल परिसर में स्थित नर्सिंग कॉलेज में अब 200 बेड का कोविड-19 का सेंटर बनाया जा रहा है। जिसमें 100 बेड वैकल्पिक ऑक्सीजन के रहेंगे तथा 100 सामान्य बेड रहेंगे। इस प्रकार जिला अस्पताल एवं नर्सिंग कॉलेज में कुल 300 अतिरिक्त बेड की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इसके अलावा जिला अस्पताल में 30 बेड एचडीयू के तैयार कि जा रहे हैं। जिला अस्पताल में 10 वार्ड आईसीयू के हैं। उन्होंने बताया कि जिले में ऑक्सीजन के लिए वाहन नियमित रूप से बुलवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 400 सिलेंडर का बैकअप बना लिया है। उन्‍होंने बताया कि जिले में अस्पतालों एवं प्रायवेट अस्पतालों में कोविड-19 के मरीजों को उपचार हो रहा है। साथ ही फीवर क्लीनिक एवं कोविड कमांड सेंटर भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने बताया कि जिले में कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन कराने के लिए पुलिस बल पूरी तरह से सक्रिय है तथा लगातार चौराहों एवं चेकपोस्ट पर अस्थाई चौकी बनाकर लगातार निगरानी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि चालानी कार्रवाई तथा अस्थाई जेल भेजने की भी कार्रवाई जारी है।

Play sound