

बड़ावदा(शिरीष सकलेचा) । शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बड़ावदा स्थित सांवरिया वाटर प्लांट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल एवं पीएचई विभाग के एसडीओ इरफान अली ने प्लांट में निर्मित एवं वितरित किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से पानी के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान पर खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र उपलब्ध पाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत लिए गए नमूनों को गुणवत्ता एवं मानक स्तर की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट संचालक को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य पंजीयन प्रमाण-पत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।ज्योति बघेल ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करना एवं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य हितों की रक्षा करना है। खाद्य विभाग के इस आकस्मिक निरीक्षण को लेकर कई तरह की चर्चा है।