12 से 18 जून 2026 तक जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा

जिले के प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय मुख्यालय पर तीन दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा

रतलाम 07 जून। मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय, भोपाल के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के मध्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में रतलाम जिले के प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर दिनांक 12 जून से 18 जून 2026 तक तीन दिवसीय “जन कल्याण शिविर” का आयोजन किया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की केन्द्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं (सेचुरेशन एवं लक्ष्य आधारित) से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण सुनिश्चित करना तथा आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण करना है।

शिविरों में प्रमुख गतिविधियाँ

जिले में संचालित केन्द्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं के पात्र किन्तु वंचित हितग्राहियों की विभागीय मैदानी अमले के सहयोग से पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालयों (IHHL) हेतु हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उनका पंजीयन एवं निराकरण।
शिविरों में कलेक्टर, अपर कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा विभागीय योजनाओं, सेवाओं, शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर निराकरण सुनिश्चित करेंगे।विभिन्न विभागों द्वारा प्रदाय की जाने वाली सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी हेतु विभागीय स्टॉल स्थापित किए जाएंगे तथा पात्र हितग्राहियों को आवेदन, पंजीयन एवं सेवा वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के विकास एवं प्रगति की प्रदर्शनी जनसंपर्क विभाग के सहयोग से आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रबुद्ध जनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
शिविरों में लाभ वितरण, हितग्राही संवाद, सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण तथा योजनाओं के संबंध में जनजागरूकता गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएंगी। शिविर स्थल पर पर्याप्त छाया, पेयजल, स्वच्छता आदि की व्यवस्था की जाएगी।
अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों को दर्ज करने एवं निराकरण संबंधी कार्यवाही सी.एम. हेल्पलाइन पोर्टल (cmhelpline.mp.gov.in) के माध्यम से की जाएगी। पोर्टल में एक पृथक मॉड्यूल तैयार किया गया है।
जिला कलेक्टर उक्त अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय, प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण के लिए उत्तरदायी होंगे। शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों से किया जाएगा ताकि अधिकतम नागरिक लाभान्वित हो सकें।
जिले के समस्त पात्र नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने नजदीकी जन कल्याण शिविर में अवश्य पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ उठाएं। ऐसे आवेदन जिनका निराकरण तत्काल संभव नहीं होगा, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदक को सूचित किया जाएगा एवं प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound