रोमांचक मुकाबले में इंदौर रॉयल्स ने रतलाम राइडर्स को 30 रनों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया



रतलाम, 09 जून। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के आरपीएफ क्रिकेट मैदान में आयोजित मंडल रेल प्रबंधक लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का फाइनल मुकाबला 08 जून 2026 को इंदौर रॉयल्स एवं रतलाम राइडर्स के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में इंदौर रॉयल्स ने रतलाम राइडर्स को 30 रनों से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार फाइनल मुकाबले से पूर्व रतलाम मंडल खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। समापन अवसर पर रतलाम मंडल खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार तथा सचिव श्री पीयूष पाण्डेय ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
20-20 ओवर के इस मुकाबले में इंदौर रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। टीम की ओर से सुरेन्द्र मालवीय ने 36 गेंदों पर 62 रन तथा माधव सक्सेना ने 34 गेंदों पर 46 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। रतलाम राइडर्स की ओर से शक्ति सिंह एवं अनिल पाल ने 2-2 विकेट प्राप्त किए।
159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रतलाम राइडर्स की टीम 129 रनों पर सिमट गई। रतलाम राइडर्स की ओर से शकील शाह ने 26 गेंदों पर 32 रन तथा हेमंत यादव ने 19 गेंदों पर 23 रनों की उपयोगी पारी खेली। प्रतियोगिता में सुरेन्द्र मालवीय (इंदौर रॉयल्स) को मैन ऑफ द मैच, हेमंत यादव (रतलाम राइडर्स) को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा प्रमोद सिंह (इंदौर रॉयल्स) को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज घोषित किया गया।
इस प्रतियोगिता में रतलाम, इंदौर, उज्जैन, चित्तौड़गढ़, दाहोद सहित कुल 8 टीमों ने भाग लिया। विशेष बात यह रही कि प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार अंतर-विभागीय आधार पर न होकर विभिन्न शहरों की टीमों के मध्य किया गया तथा सभी मुकाबले रात्रि में दूधिया रोशनी (फ्लडलाइट्स) के बीच आयोजित किए गए।
इस अवसर पर खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए हाल ही में रेल सेवा से सेवानिवृत्त हुए मुख्य कल्याण निरीक्षक (खेल) श्री हरीश चांदवानी को खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार द्वारा शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में अंपायरिंग की जिम्मेदारी श्री हिम्मत सिंह सिसोदिया एवं श्री राघवेन्द्र सिंह ने निभाई, जबकि कोच के रूप में श्री लोकपाल सिंह सिसोदिया तथा कल्याण निरीक्षक (खेल) श्री खिलान सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का सफल आयोजन रतलाम मंडल खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा रतलाम मंडल में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। खेलकूद संघ के सचिव श्री पीयूष पाण्डेय सहित आयोजन समिति के सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल संचालन सुनिश्चित हुआ।