“लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पुनर्विकास में बड़ी उपलब्धि : नए भवन में शिफ्ट हो रही परिचालन व्यवस्था, जल्द मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं”

रतलाम, 10 जून। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल अंतर्गत इंदौर स्थित लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त होने जा रही है। स्टेशन के नवीन भवन का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा पुराने स्टेशन भवन से नए स्टेशन भवन में परिचालन एवं तकनीकी व्यवस्थाओं के स्थानांतरण (शिफ्टिंग) का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 11 जून 2026 को लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर मेजर ब्लॉक लेकर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया गया, जिससे नए स्टेशन भवन से ट्रेन परिचालन प्रणाली को संचालित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जन संपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रेल प्रशासन द्वारा नॉन इंटरलॉकिंग कार्य को सुरक्षित एवं निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए व्यापक स्तर पर तकनीकी तैयारियां की गईं। इस दौरान 04 लोकल ट्रेनों को निरस्त तथा 08 ट्रेनों को लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पर/से शॉर्ट टर्मिनेट एवं शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया तथा 10 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया गया ताकि कार्य को बिना किसी बाधा के शीघ्रता से पूर्ण किया जा सके।
नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान स्टेशन एवं यार्ड क्षेत्र में सिग्नलिंग प्रणाली, ट्रैक सर्किट तथा अन्य सुरक्षा संबंधी उपकरणों में आवश्यक परिवर्तन किए गए। चूंकि स्टेशन की परिचालन व्यवस्था पुराने भवन से नए भवन में स्थानांतरित की जा रही है, इसलिए सिग्नलिंग एवं इंटरलॉकिंग प्रणाली को नए भवन में स्थापित उपकरणों के अनुरूप पुनर्संयोजित किया जा रहा है। इस प्रकार के कार्य के दौरान ट्रेनों का संरक्षित एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है।
कार्य की गंभीरता एवं महत्व को देखते हुए पश्चिम रेलवे के मुख्य इंजीनियर (निर्माण), चर्चगेट श्री धीरज कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री कुंजीलाल मीना सहित संकेत एवं दूरसंचार, परिचालन, इंजीनियरिंग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पर उपस्थित रहकर कार्यों की सतत निगरानी कर रहे हैं।
12 जून की रात्रि से नए स्टेशन भवन में स्थापित ट्रेन परिचालन प्रणाली को चालू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके लिए पिछले एक सप्ताह से स्टेशन यार्ड में प्वाइंट एवं क्रॉसिंग बिछाने, ट्रैक लिंकिंग, केबलिंग तथा आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था स्थापित करने के कार्य निरंतर प्रगति पर हैं।
नए स्टेशन भवन में स्टेशन मास्टर कक्ष, रिले रूम, आईपीएस रूम तथा अन्य परिचालन इकाइयों का निर्माण एवं उपकरणों की स्थापना लगभग पूर्णता की ओर है। इसके साथ ही यात्री सुविधाओं, टिकट बुकिंग व्यवस्था एवं अन्य सार्वजनिक सेवाओं को भी नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। रेलवे प्रशासन का लक्ष्य है कि शीघ्र ही सभी यात्री सेवाएं नए भवन से संचालित होने लगें।
पुराने स्टेशन भवन से सभी परिचालन एवं प्रशासनिक गतिविधियों के स्थानांतरित होते ही पुराने भवन को हटाकर प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 एवं 2 के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। रेलवे प्रशासन की योजना के अनुसार आगामी लगभग एक से डेढ़ माह के भीतर दोनों प्लेटफॉर्मों के निर्माण कार्य को भी पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं आधुनिक रेलवे अवसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने नए स्टेशन भवन से वर्तमान प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए एक अस्थायी मार्ग का निर्माण किया है, जिससे यात्री टिकट लेकर आसानी से प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकें। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक स्टेशन परिसर के सभी विकास कार्य पूर्ण नहीं हो जाते।
उल्लेखनीय है कि लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन का नवीन भवन आधुनिक वास्तुकला, उन्नत तकनीकी सुविधाओं तथा बेहतर यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। स्टेशन पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने के पश्चात यह स्टेशन इंदौर क्षेत्र के प्रमुख आधुनिक रेलवे स्टेशनों में शामिल होगा तथा यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं का अनुभव प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound