कलेक्टर ने नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा की



रतलाम 10 सितम्बर । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय निकायों के प्रत्येक कार्य में जिले की स्थिति प्रदेश स्तर पर बेहतर रहे। कार्यों में किसी प्रकार की विशेष समस्या होने पर तत्काल अवगत कराएं और उसका समाधान सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए बड़ावदा एवं धामनोद नगरीय निकायों में खराब स्थिति में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना अंतर्गत वितरण के जितने भी कार्य लंबित हैं, उनका तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पीएम आवास योजना शहरी 2.0, अमृत योजना अंतर्गत सीवरेज कार्य, फिल्टर प्लांट, पंप स्थापना, ओवरहेड वाटर टैंक, जलप्रदाय योजना, पार्क निर्माण तथा वाटर बॉडी रिजर्वेशन कार्यों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने संकल्प से सिद्धि अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की तथा सभी नगरीय निकायों को अभियान के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, पीओ डूडा श्री अरुण पाठक सहित जिले के नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।