
रतलाम। वार्ड क्रमांक 27 की पार्षद एवं जिला योजनासमिति सदस्य श्रीमती यासमीन शेरानी ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन दिया ज्ञापन में लिखा कि जय भारत नगर कॉलोनी को विकसित कॉलोनियों की श्रेणी में शामिल कर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
पार्षद श्रीमती शेरानी ने अपने पत्र में बताया कि वार्ड क्रमांक 27 स्थित जय भारत नगर कॉलोनी लगभग 30 वर्षों से अस्तित्व में होने के बावजूद आज भी विकास कार्यों से वंचित है। कॉलोनी के निवासी नियमित रूप से नगर निगम को विभिन्न करों का भुगतान कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि आसपास की अन्य कॉलोनियों को विकसित श्रेणी में शामिल कर सड़क, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि जय भारत नगर में अब तक पक्की सड़क, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, सीवरेज लाइन तथा पेयजल पाइप लाइन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। इसके कारण क्षेत्रवासियों को लंबे समय से अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद ने यह भी उल्लेख किया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार नगर निगम प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
श्रीमती यासमीन शेरानी ने आयुक्त से मांग की है कि जय भारत नगर को विकसित कॉलोनी की श्रेणी में शामिल कर शीघ्र आवश्यक विकास कार्य स्वीकृत किए जाएं, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके। इस ज्ञापन में रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, राजीव रावत, हितेश पेमाल सहित वार्ड क्रमांक 27 के रहवासी बड़ी संख्या में मौजूद थे।