रतलाम । मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय, भोपाल के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के मध्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में जिले के विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
नोडल अधिकारी जनकल्याण शिविर सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने बताया कि जिले में 15 , 16 एवं 17 जून को नगर परिषद नामली एवं नगर परिषद धामनोद अंतर्गत टप्पा तहसील नामली में शिविर आयोजित किया जाएगा । इसी प्रकार जनपद आलोट, नगर परिषद आलोट एवं नगर परिषद ताल अंतर्गत कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी आलोट में एवं जनपद बाजना अंतर्गत जनपद बाजना में भी 15,16 एवं 17 जून को तीन दिन तक लगातार शिविर आयोजित किये जाएगे। शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियो को शासन की योजनाओं में हितलाभ प्रदान किए जायेगे । साथ ही शिविर स्थल पर आधार संबंधित सेवाए, समग्र एवं बैंक संबंधित सेवाएं भी प्रदान की जा रही है।
जिले के समस्त पात्र नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने नजदीकी जन कल्याण शिविर में अवश्य पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ उठाएं। ऐसे आवेदन जिनका निराकरण तत्काल संभव नहीं होगा, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित कर आवेदक को सूचित किया जाएगा एवं प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।