

जावरा ( अभय सुराणा) । नगर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल पॉलिटेक्निक चौराहा से मंडी रोड की हालत इन दिनों अत्यंत दयनीय बनी हुई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण प्रतिदिन तीन से चार दोपहिया एवं चार पहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
नागरिकों में इस बात को लेकर रोष है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही। लोगों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो नगर पालिका किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही हो। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना भी हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पॉलिटेक्निक चौराहा–मंडी रोड पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए तथा सड़क की आवश्यक मरम्मत कर आम जनता को राहत प्रदान की जाये।