



रतलाम 15 जून । पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर पेंशन से संबंधित शिकायतों को दूर करने के लिए 15 जून, 2026 को अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अक्षय कुमार की अध्यक्षता में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रेलवे पेंशनर और पारिवारिक पेंशनरों से पूर्व में आवेदन मांगे गए थे| इस पेंशन अदालत में निर्धारित तिथि तक कुल 52 आवेदन तथा पेंशन अदालत वाले दिन 14 आवेदन प्राप्त हुए। सभी 66 आवेदनों का निपटारा किया गया। पेंशन अदालत के दौरान 06 पेंशनरों को पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) एवं 03 पेंशनरों एरियर भुगतान की रसीदें भी अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुमार द्वारा प्रदान किया गया।
इस दौरान कर्मचारियों को और पारिवारिक पेंशनरों को वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सुश्री नूपुर चौधरी, मंडल कार्मिक अधिकारी (प्रभारी) श्री सोमनाथ कैलास गायकवाड द्वारा रेलवे के नियम की जानकारी प्रदान की गई। अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अक्षय कुमार ने उपस्थित सभी रेलवे पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को आश्वासन दिया कि केवल पेंशन अदालत में ही नहीं बल्कि अन्य कार्य दिवस में भी पेंशनरों की समस्या पर कार्मिक विभाग और लेखा विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग किया जाएगा।
पेंशन अदालत में करीब 100 रेलवे पेंशनर और पारिवारिक पेंशनर वरिष्ठ नागरिक उनके प्रतिनिधि, उपस्थित रहे। सौहार्दपूर्ण तरीके से पेंशन अदालत संपन्न हुई।
इस अवसर पर सहायक मंडल वित्त प्रबंधक, सहायक कार्मिक अधिकारी के अतिरिक्त कार्मिक एवं लेखा विभाग के संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।