स्व. मदनलाल नाहर एवं श्रीमती संगीता नाहर की पुण्य स्मृति में भारत विकास परिषद ने किया आयोजन


जावरा । विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर जावरा में सेवा, समर्पण और मानवता का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्वर्गीय मदनलाल नाहर एवं स्वर्गीय संगीता नाहर की पुण्य स्मृति में भारत विकास परिषद शाखा जावरा द्वारा भारतीय रेडक्रास सोसायटी, बड़ावदा सेवा एवं रक्तदान संस्था तथा लायंस क्लब स्फेटिक के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अंतिम सूचना मिलने तक 111 यूनिट रक्तदान किया गया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
सेवा और मानवता का बना उत्सव
कार्यक्रम का शुभारंभ नाहर परिवार की उपस्थिति में स्व. मदनलाल नाहर एवं स्व. श्रीमती संगीता नाहर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष शेखर नाहर के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा प्रकल्प में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने का संकल्प लिया।
111 यूनिट रक्तदान, सैकड़ों लोगों ने लिया भाग
शिविर में कुल 111 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदान करने वाले सभी महानुभावों का स्वागत भारत विकास परिषद के प्रांतीय रक्तदान प्रभारी सुदीप भारती, प्रकल्प प्रभारी नरेंद्र गोधा एवं निलेश दसेड़ा ने किया। संस्था के अध्यक्ष शेखर नाहर, सचिव गोपाल सेठिया और कोषाध्यक्ष निलेश जोशी ने रक्तदाताओं को ओआरएस पैकेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं जॉनसन एण्ड जॉनसन के सौजन्य से डॉ दिलीप शाकल्य के सहयोग से उनके प्रतिनिधि रोहितसिंह सोलंकी ने ब्लड डोनर्स के लिए इम्यूनिटी बूस्टर ड्रिंक प्रदान किए।
पौधारोपण और स्वास्थ्य सेवाओं का भी मिला लाभ –
रक्तदान शिविर के साथ-साथ सिविल हॉस्पिटल परिसर में पौधारोपण किया गया। वहीं सरदार पटेल कॉलेज की टीम द्वारा रक्तचाप जांच (ब्लड प्रेशर चेकअप) एवं नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी लोगों को प्रदान किया गया।
कई दंपतियों और परिवारों ने किया रक्तदान –
इस अवसर पर कई दंपतियों ने एक साथ रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रांतीय रक्तदान प्रभारी सुदीप भारती, सरोज भारती एवं कौशिक भारती ने सपरिवार रक्तदान कर लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित किया। अध्यक्ष शेखर नाहर ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सेवा प्रकल्प निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग रक्तदान जैसे महादान से जुड़कर मानवता की सेवा कर सकें।
इनकी रही विशेष उपस्थिति –
रक्तदान शिविर में विशेष आमंत्रित के रूप में बाबूलाल नाहर, वरुण श्रोत्रिय (एडवोकेट), डॉ. दिलीप शाकल्य, मनिष नाहर, देवेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भारत विकास परिषद की ओर से वरिष्ठ सदस्य कानसिंह चौहान, अध्यक्ष शेखर नाहर, सचिव गोपाल सेठिया, कोषाध्यक्ष निलेश जोशी, प्रांतीय रक्तदान प्रभारी सुदीप भारती, मनोज अग्रवाल, दीपक साधु, निलेश मेहता, नितेश धनोतिया, दिनेश सुरणा, प्रेमराज बनोपा, श्याम गवली, नंदकिशोर मांदलिया, पप्पूसिंह राठौर, दीपक गर्ग, दिनेश भावसार, मनोज पांचाल, अम्बाशंकर शिकारी, देवेंद्र धारीवाल, अतुल उपमन्यु, सुरेंद्र सुराणा, विनोद चौरसिया, मनीष त्रिवेदी, मुकेश धाकड़, प्रकाश अरोड़ा, भारतीय रेडक्रास सोसायटी से वीरेंद्र सिसोदिया, धर्मेंद्र सिंह तौमर, बड़ावदा सेवा एवं रक्तदान संस्था के संस्थापक प्रवीण व्यास, तथा लायंस क्लब स्फेटिक जावरा के अध्यक्ष मदनसिंह चौरडिया एवं सुभाष रांका ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव गोपाल सेठिया ने किया। आभार कोषाध्यक्ष निलेश जोशी ने माना।