वर्षावास की तैयारियों को लेकर साधारण सभा आयोजित

रतलाम। मालव केसरी पूज्यश्री सौभाग्यमलजी मसा के सुशिष्य धर्मदास गणनायक प्रवर्तकश्री प्रकाश मुनिजी मसा के आगामी चातुर्मास को लेकर आयोजन समिति की साधारण सभा हुई। इसमें प्रवर्तकश्री के चातुर्मास में ज्यादा से ज्यादा सामयिक, जप-तप, त्याग और तपस्या का संकल्प लिया गया।
प्रवर्तकश्री के साथ इस वर्ष रतलाम में प्रवचन प्रभाविका पूज्याश्री चंदनबाला जी मसा खानदेश रत्ना उप प्रवर्तिनी महासती पूज्याश्री सुमनप्रभा जी मसा पूज्याश्री कल्पना जी मसा आदि अन्य संत-सती मंडल भी वर्षावास करेगा। चातुर्मास में महाराष्ट्र, मालवा, निमाड़, डूंगर, राजस्थान, गुजरात सहित देश के विभिन प्रान्तों के गुरूभक्तों के आने की संभावना है। रतलाम में जन्मे पूज्य प्रवर्तकश्री प्रकाश मुनिजी मसा पिपलगाव महाराष्ट्र में ऐतिहासिक चातुर्मास पूर्ण कर छत्रपति शिवाजी महाराज नगर, धुलिया, सेंधवा, इंदौर, उज्जैन, खाचरौद आदि क्षेत्रों में विचरण करते हुए 16 जुलाई तक रतलाम पहुंचेंगे, जबकि खानदेश रत्ना श्री सुमनप्रभा जी आदि साध्वी मंडल करीब 39 साल बाद रतलाम नगर में प्रवेश करेगा।
इनके वर्षावास की तैयारियों को लेकर सागोद रोड स्थित श्री सौभाग्य तीर्थ पर आयोजित धर्मदास जैन श्री संघ सदस्यो की साधारण सभा में संदीप चोरडिया ने चातुर्मास के लिए गठित विभिन्न समितियों की जानकारी दी। श्री संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश मूणत ने वर्षावास समस्त कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। सभा को सुरेंद्र गादिया, कन्हैयालाल गांधी, मितेश गादिया, रंगलाल चैरडिया, वीके कटकानी, इंदरमल चोपड़ा, हेमंत गांधी, अशोक बोहरा, अंचल मूणत आदि ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन रखब चत्तर ने किया। अंत मे आभार चातुर्मास समिति अध्यक्ष पारस वोरा ने माना। सभा में श्री धर्मदास जैन श्री संघ के सदस्यों सहित श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल,सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, सौभाग्य महिला मंडल, बहु मंडल आदि संस्थाओ के सेकड़ो श्रावक एवं श्राविकाएं उपस्थित रहे ।
चातुर्मास समिति की घोषणा
साधारण सभा में सर्वानुमति से चातुर्मास समिति की घोषणा की गई। अध्यक्ष के रूप में संघ के वरिष्ठ श्रावक पारस वोरा को मनोनीत किया गया। उपाध्यक्ष इंदरमल चोपड़ा, संयोजक संदीप चोरडिया, सह संयोजक रखब चत्तर, बनाए गए। कोषाध्यक्ष मुकेश चोरडिया एवं भवरलाल पुंगलिया को मनोनीत किया गया है।