तीन दिवसीय योग महोत्सव हेतु महापौर प्रहलाद पटेल ने नगरवासियों को किया आमंत्रित

  • योगमय रतलाम की ओर बढ़ता ऐतिहासिक कदम, 19 से 21 जून तक विधायक सभागृह में होगा भव्य आयोजन
  • नगर के विभिन्न वार्डो में आयोजित हुआ योग शिविर

रतलाम 17 जून । अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम रतलाम एवं पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग अभियान को लेकर नगर में अभूतपूर्व उत्साह और उमंग का वातावरण है। इसी क्रम में नगर के प्रथम नागरिक एवं महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने समस्त नगरवासियों को 19 से 21 जून 2026 तक विधायक सभागृह, बड़बड़ में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय निःशुल्क इंटीग्रेटेड योग महोत्सव में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया है।
महापौर श्री पटेल ने बताया कि नगर निगम के इतिहास में पहली बार पूरे शहर को योगमय बनाने का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। जनस्वास्थ्य जागरण के इस महाअभियान के अंतर्गत नगर के सभी 49 वार्डों में चरणबद्ध रूप से योग शिविरों का सफल संचालन किया गया, जिसमें हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
नगर निगम द्वारा 17 जून को वार्ड 33 में शास्त्री नगर सांई बाबा मंदिर हॉल, वार्ड 34 में टीआईटी रोड प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, वार्ड 36 में कालिका माता सांस्कृतिक मंच, वार्ड 39 में श्री दण्डी स्वामी मठ दो मुंह की बावड़ी, वार्ड 40, 42 व 49 में नारदजी का मंदिर पैलेस रोड, वार्ड 41 व 43 में आयुर्वेदिक अस्पताल रामगढ़ व वार्ड 45 में सुतारो का वास बुरहानी हॉस्पीटल के बाहर योग शिविर आयोजित किये गये जिसमें नागरिकों ने बढ़चडकर हिस्सा लिया इस अवसर पर निमिष व्यास, निलेश गांधी पार्षद श्रीमती मनीषा चौहान, योगेश पापटवाल, श्रीमती स्मिता माहेश्वरी, धर्मेन्द्र व्यास, दिलीप गांधी, हितेश कामरेड, श्रीमती प्रीति कसेरा, श्रीमती सपना त्रिपाठी, पार्षद प्रतिनिधि विजयसिंह चौहान, राजेश माहेश्वरी, हार्दिक मेहता, संजय कसेरा आदि उपस्थित थे।
पतंजलि योगपीठ के पांचों संगठनों के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान में युवा भारत राज्य प्रभारी प्रेम पूनिया, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट जिला प्रभारी डॉ. उत्तम शर्मा, पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी अपार उपाध्याय, युवा भारत जिला प्रभारी विशाल कुमार वर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी नित्येन्द्र आचार्य तथा महिला पतंजलि योग समिति राज्य संवाद प्रभारी श्रीमती पिस्ता यादव के मार्गदर्शन में योग शिक्षक एवं शिक्षिकाएं समर्पित भाव से अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
नगर परिषद के पार्षदों, निगम अधिकारियों, योग साधकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरे शहर में स्वास्थ्य जागरण की एक नई क्रांति दिखाई दे रही है। सर्वधर्म समभाव एवं सामाजिक समरसता के इस महायज्ञ ने वार्ड स्तर पर नागरिकों, योग शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों को एक परिवार की तरह जोड़ने का कार्य किया है। नगर में स्वच्छता के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता का यह नवाचार प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के नगर निकायों के लिए भी प्रेरणादायी बन रहा है।
महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि उनका संकल्प ग्रीन रतलाम, क्लीन रतलाम, योगमय रतलामष् को साकार करना है, जिससे नगर स्वच्छ, स्वस्थ एवं समृद्ध बने। उन्होंने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित होने वाले विशाल सामूहिक योग महोत्सव में अधिक से अधिक नागरिकों से सहभागिता कर योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
योग अपनाएं, स्वस्थ जीवन पाएं के संदेश के साथ नगर में बह रही योग की यह अमृत गंगा निश्चित रूप से रतलाम को स्वस्थ एवं संस्कारित शहर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound