

रतलाम । स्थानीय श्री जी पैलेस में श्री उमेश गुप्ता एवं परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा अमृत महोत्सव में व्यासपीठ से पूज्य आचार्य श्री रामानुज जी महाराज ने श्रीमद् भागवत महापुराण की दिव्य कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। उनके श्रीमुख से प्रवाहित भक्ति रस की अमृतधारा में श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा स्थल भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो रहा है।
द्वितीय दिवस की कथा में व्यासपीठ से गुरुदेव ने कहा : भक्ति के साथ सत्य, पवित्रता और वैराग्य का जागरण आवश्यक
आचार्य रामानुज जी ने कहा – कथा में पुष्पमाला नहीं, अपनी एक बुरी आदत छोड़कर आइए; यही भगवान के चरणों में सच्ची भेंट है।
श्रीमद्भागवत महापुराण को साक्षात् परमात्मा का स्वरूप बताते हुए पूज्य आचार्य रामानुज जी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल सुनने का आयोजन नहीं, बल्कि अपने जीवन को परमात्मा के अनुरूप बनाने की आध्यात्मिक यात्रा है। कथा तभी सार्थक होती है, जब उसमें सुने गए विचार हमारे आचरण में उतरने लगें।
- कथा में भगवान को फूल-माला के साथ अपनी एक बुरी आदत भी अर्पित करके आइए।
- गुरु के वचनों पर विश्वास रखिए, साधना में परीक्षा और प्रतीक्षा दोनों आवश्यक हैं।
- जीवन में जिज्ञासा बनाए रखिए, यही ज्ञान और आत्मबोध का मार्ग खोलती है।
- सत्य, पवित्रता और दया को जीवन में अपनाकर कलियुग के प्रभाव से बचिए।
- भक्ति के साथ ज्ञान और वैराग्य का जागरण भी आवश्यक है।
- कथा का श्रवण तभी सफल है, जब उसके साथ मनन और आचरण भी हो।
- निंदा, अहंकार और स्वयं को श्रेष्ठ सिद्ध करने की प्रवृत्ति से बचिए।
- संसार के संबंध प्रेम और कर्तव्य से निभाइए, लेकिन परमात्मा को अपना शाश्वत आश्रय मानिए।
- पूजा को केवल दिनचर्या नहीं, परमात्मा से मिलने की आंतरिक भूख बनाइए।
- ऐसी सफलता की कामना कीजिए, जो किसी के अपमान, अहित अथवा अधर्म पर आधारित न हो।
आचार्य श्री ने कहा कि आप सभी यहां परमात्मा के चरणों में बैठकर एक आध्यात्मिक यात्रा पर आए हैं। यदि भगवान के चरणों में कुछ चढ़ाना चाहते हैं तो फूल-मालाओं के साथ अपनी एक बुरी आदत भी छोड़कर जाइए। यही आपकी सबसे सुंदर भेंट होगी। भगवान के सामने रोना आए तो रो लीजिए, मुस्कुराना आए तो मुस्कुरा लीजिए, लेकिन यहां से जीवन को पवित्र बनाने का संकल्प लेकर जाइए।
एक साधु के प्रसंग के माध्यम से आचार्य श्री ने समझाया कि गुरु ने शिष्य से कहा था कि हनुमान जी पर विश्वास रखना, वे सहायता करने अवश्य आएंगे। दो दिन प्रतीक्षा के बाद भी शिष्य का विश्वास नहीं डिगा। आचार्य श्री ने कहा कि बिना परीक्षा दिए कोई डिग्री नहीं मिलती, उसी प्रकार साधना में भी धैर्य और प्रतीक्षा आवश्यक है। परिस्थितियां कैसी भी हों, गुरु कभी अपने शिष्य का अहित नहीं चाहते।
देवर्षि नारद जी की पृथ्वीलोक यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिस पृथ्वी पर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण ने दिव्य लीलाएं कीं, उसे देखने की जिज्ञासा ही नारद जी को पृथ्वी पर ले आई। जिज्ञासा का संबंध आयु से नहीं, जीवंत चेतना से है। जिस व्यक्ति के भीतर जिज्ञासा समाप्त हो जाती है, उसकी प्रगति भी रुकने लगती है। युवाओं को भी श्रीमद्भागवत कथा अवश्य सुननी चाहिए।
आचार्य श्री ने कहा कि असत्य, स्वार्थ, अहंकार, दिखावा और पाखंड कलियुग की प्रमुख प्रवृत्तियां हैं। अपनी गलती स्वीकार करने का साहस रखिए, क्योंकि गलती छिपाने के लिए बार-बार असत्य का सहारा लेना पड़ता है। केवल चेहरे पर मुस्कान नहीं, मन में भी पवित्रता होनी चाहिए। दूसरों के दुःख को समझना, करुणा रखना और परोपकार करना ही धर्म का वास्तविक स्वरूप है।
भक्ति देवी और उनके पुत्र ज्ञान-वैराग्य के प्रसंग में आचार्य श्री ने कहा कि जीवन में श्रद्धा और प्रेम तो हैं, लेकिन उन्हें सही दिशा देने के लिए ज्ञान तथा स्थिरता प्रदान करने के लिए वैराग्य भी आवश्यक है। सद्गुरु का जीवन में आगमन इन तीनों तत्वों को जागृत करता है। यही मनुष्य को परमात्मा की प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
आत्मदेव, गोकर्ण और धुंधकारी के प्रसंग में आचार्य श्री ने बताया कि शब्द, स्पर्श, रूप, रस और गंध के प्रति अनियंत्रित आसक्ति मनुष्य को उसके वास्तविक उद्देश्य से दूर कर देती है। गोकर्ण जी द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण से धुंधकारी का उद्धार हुआ। उन्होंने समझाया कि केवल कथा सुन लेना पर्याप्त नहीं है। श्रद्धा, एकाग्रता, मनन और आचरण से ही कथा का वास्तविक लाभ प्राप्त होता है।
आचार्य श्री ने कहा कि संसार के सभी संबंधों को प्रेम और कर्तव्य से निभाना चाहिए, लेकिन किसी की निंदा और कटुता से बचना चाहिए। शबरी के चरित्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें अपने गुरु के वचनों पर इतना विश्वास था कि भगवान श्रीराम एक दिन अवश्य आएंगे। सच्ची भक्ति को प्रचार की आवश्यकता नहीं होती। जो वास्तव में भीतर होता है, उसे बार-बार बाहर दिखाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
पूजा में कभी आनंद और कभी औपचारिकता अनुभव होने के प्रश्न पर आचार्य श्री ने कहा कि जब मनुष्य को भूख लगती है, तभी भोजन का वास्तविक स्वाद आता है। इसी प्रकार जब हृदय में परमात्मा को प्राप्त करने की सच्ची अभिलाषा जागती है, तभी पूजा और भजन में वास्तविक आनंद आता है। जिस दिन भगवान के दर्शन की भूख भीतर जाग जाएगी, उस दिन पूजा केवल दिनचर्या नहीं रहेगी।
आचार्य श्री ने श्रेय और प्रेय का अंतर समझाते हुए कहा कि ऐसी सफलता का कोई मूल्य नहीं, जो किसी के अपमान, अधिकार छीनने, छल अथवा अधर्म से प्राप्त हुई हो। प्रभु से ऐसी सफलता मत मांगिए, जो दूसरों के दुःख पर खड़ी हो। ऐसी यात्रा ही वास्तविक यात्रा है, जो शिव के मार्ग से होकर निकले, किसी के शव के ऊपर से होकर नहीं।
श्रीमद्भागवत के मंगलाचरण ‘सत्यं परं धीमहि’ की व्याख्या करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि यह केवल श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन नहीं, बल्कि परम सत्य की कथा है। निगम रूपी कल्पवृक्ष का पका हुआ फल श्रीमद्भागवत है। इसका रस श्रद्धापूर्वक श्रवण करके हृदय में उतारना चाहिए। भगवान के गुणों और लीलाओं का श्रवण करते-करते हमारा हृदय ही उनका मंदिर बन जाता है।
व्यास परंपरा, सूत जी और उग्रश्रवा जी के प्रसंगों के माध्यम से आचार्य श्री ने बताया कि मनुष्य की महानता जन्म अथवा बाहरी पहचान से नहीं, बल्कि उसके गुण, ज्ञान, आचरण और समर्पण से निर्धारित होती है। वहीं राजा जनमेजय के सर्पयज्ञ के प्रसंग में उन्होंने समझाया कि शक्ति का उपयोग सदैव विवेक और धर्म के अनुसार होना चाहिए। शक्ति का वास्तविक महत्व प्रदर्शन में नहीं, उसके सदुपयोग में है।
आचार्य रामानुज जी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का उद्देश्य केवल कुछ दिनों तक आनंद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवन में स्थायी परिवर्तन लाना है। असत्य छोड़िए, निंदा से बचिए, अहंकार का त्याग कीजिए, दूसरों के प्रति दया रखिए और गुरु के वचनों पर विश्वास बनाए रखिए।
कथा से लौटते समय केवल प्रसाद लेकर मत जाइए, अपने जीवन में कोई एक नया संकल्प लेकर जाइए। अपनी एक बुरी आदत छोड़ दीजिए, किसी के प्रति कटुता समाप्त कर दीजिए और परमात्मा के प्रति अपने प्रेम को बढ़ा लीजिए। यही श्रीमद्भागवत कथा की सार्थकता है और यही भगवान के चरणों में हमारी सच्ची भेंट है।