21 जून को ऐतिहासिक आयोजन, समाज की एकता और गौरव का बनेगा साक्षी

जावरा। राष्ट्र गौरव, वीरता और स्वाभिमान के अमर प्रतीक महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के उपलक्ष्य में जावरा में भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, शाखा जावरा के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह को लेकर समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और समाजजन इसे यादगार बनाने के लिए पूरे उत्साह के साथ जुटे हुए हैं।
महाराणा प्रताप जयंती महोत्सव की औपचारिक शुरुआत बुधवार को महाराणा प्रताप मांगलिक भवन परिसर में उनकी प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को स्मरण करते हुए राष्ट्रभक्ति, त्याग, स्वाभिमान और सामाजिक एकता का संकल्प लिया।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा जावरा के अध्यक्ष कान्हसिंह चौहान ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिनका जीवन संघर्ष, आत्मसम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर जितेंद्रसिंह राठौड़, शैलेन्द्रसिंह चौहान, बहादुरसिंह सोनगरा, दिलीपसिंह कछावा, हरिसिंह चौहान, महेंद्रसिंह खुंछी, अरविंदसिंह चौहान, देवेंद्रसिंह जादौन, विजयपालसिंह चंदावत, जितेंद्रसिंह सिसोदिया, अजयसिंह कछावा, हरिशप्रतापसिंह, प्रतापसिंह राठौड़ एवं पवनसिंह खुंछी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
द ग्रांड पट्टा रिसॉर्ट में होगा मुख्य समारोह
संस्था संरक्षक डॉ. हमीरसिंह राठौर ने बताया कि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती एवं महाराणा प्रताप मांगलिक भवन लोकार्पण समारोह 21 जून 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे द ग्रांड पट्टा रिसॉर्ट, पिपलोदा रोड, जावरा में आयोजित किया जाएगा।
मुख्य समारोह के पश्चात अतिथियों एवं समाजजनों की उपस्थिति में एक भव्य रैली निकाली जाएगी, जो हरियाखेड़ा रोड स्थित नव निर्मित महाराणा प्रताप मांगलिक भवन पहुंचेगी। यहां विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भवन का लोकार्पण किया जाएगा।
देश-प्रदेश की हस्तियां बढ़ाएंगी आयोजन की गरिमा
समारोह में पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा मानवेन्द्र सिंहजी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड मध्यप्रदेश के अध्यक्ष (मंत्री दर्जा) केशव सिंह भदौरिया, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, करणी सेना परिवार प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष शिवप्रताप सिंह चौहान सहित अनेक विशिष्ट अतिथि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
अधिकाधिक सहभागिता की अपील
महासभा पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि यह आयोजन केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि महाराणा प्रताप के आदर्शों, शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
महाराणा प्रताप जयंती महोत्सव और मांगलिक भवन का लोकार्पण समारोह जावरा के सामाजिक और सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाला आयोजन साबित होगा।