रतलाम पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई – सैफी नगर फायरिंग कांड का खुलासा, सुपारी देकर कराई गई फायरिंग में 05 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता की तलाश जारी

शेयर मार्केट/पैसों के लेनदेन के विवाद में रची गई थी साजिश, तकनीकी साक्ष्यों व सीसीटीवी विश्लेषण से पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई

रतलाम । पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में रतलाम पुलिस ने थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र अंतर्गत सैफी नगर में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए 05 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राकेश पंद्रो एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

घटना का विवरण – दिनांक 19.06.2026 को लगभग दोपहर 3:16 बजे थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र के मकान नंबर 80, सैफी नगर, रतलाम पर अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई। घटना के समय फरियादी कमल सोनी, जो चांदनी चौक स्थित श्री गणेश ज्वेलर्स के संचालक हैं, अपने पुत्र के साथ जावरा गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी मनीषा सोनी, पुत्र अमित सोनी, दिव्यांश सोनी एवं पुत्रवधू मौजूद थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चेहरे ढके हुए चार आरोपी घर के बाहर पहुंचे। मनीषा सोनी के खिड़की के पास खड़े होने पर एक आरोपी ने जान से मारने की नियत से पिस्टल से फायर किया। सतर्कता दिखाते हुए पीड़िता नीचे झुक गईं, जिससे गोली उन्हें न लगकर खिड़की के कांच में लगी और कांच टूट गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना दीनदयाल नगर में हत्या के प्रयास संबंधी प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विशेष टीम गठित कर किया गया खुलासा- घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देश अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राकेश पंद्रो एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में थाना दीनदयाल नगर, साइबर सेल एवं सीसीटीवी शाखा की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। पुलिस अधीकारियो द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया पुलिस टीम द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा विभिन्न संभावित पहलुओं पर जांच प्रारंभ की। गहन जांच एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने विनय शर्मा उर्फ वीनू के कहने पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि फरियादी के पुत्र दिव्यांश का सरवन निवासी आदित्य के साथ शेयर मार्केट/एमसीएक्स से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था तथा इस संबंध में पूर्व में शिकायत भी दी गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित रूप से आदित्य द्वारा पैसों की वसूली/दबाव बनाने के उद्देश्य से विनय शर्मा को सुपारी दी गई, जिसके बाद विनय शर्मा ने अपने साथियों के माध्यम से फायरिंग की वारदात करवाई।

गिरफ्तार आरोपी-

  1. भोला पिता रामेश्वर पाटीदार (29 वर्ष), निवासी पैलेस रोड, रतलाम
  2. विनीत उर्फ चुचू पिता महेंद्र सिंह बड़गोतिया (25 वर्ष), निवासी रिटायर्ड कॉलोनी, लक्ष्मणपुरा, रतलाम
  3. अजय उर्फ गट्टू पिता हरिराम चौहान (24 वर्ष), निवासी आनंद कॉलोनी, रतलाम
  4. रविन्द्र पिता मिथलेश राजन (32 वर्ष), निवासी रेल नगर, रतलाम
  5. कन्हैया नायक पिता हीरालाल उम्र 43 वर्ष

फरार आरोपी- विनोद उर्फ वीनू पिता प्यारेलाल शर्मा एवं अन्य

विवेचना जारी- प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों, घटना में प्रयुक्त हथियारों तथा पूरे षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। रतलाम पुलिस द्वारा सभी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सराहनीय भूमिका– उनि अनुराग यादव, उनि जीवन बारिया, उप निरीक्षक राजा तिवारी, प्र आर लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, प्र आर मनमोहन शर्मा, आर विपुल भावसार, आर मयंक व्यास, आर राहुल पाटीदार, आर तुषार सिसोदिया, आर अभिषेक पाठक आर. हर्षल शर्मा, आर संदीप कुमावत, आर दीपकसिंह, आर शान्तीलाल डिन्डोर, आर रवि चंदेल की सराहनीय भुमिकी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound