

रतलाम । रतलाम जिले में सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी की बैठक का आयोजन कलेक्टर सभा कक्ष में किया गया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह , एसपी श्री अमित कुमार , ए डी एम श्री बृजेश रावत, एडिशनल एसपी , निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, एस डी एम शहर श्री तरुण जैन, ट्रैफिक डीएसपी श्री आनंद सोनी , आरटीओ श्री जगदीश बिल्लोरे, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग , सीएमएचओ डॉ किरण वाडिवा सहित विभिन्न जिला अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने नेशनल हाईवे , एमपीआरडीसी की रोड, पीडब्ल्यूडी की रोड पीएमजीएसवाय की रोड पर ट्रैफिक सेफ्टी संबंधी सभी नियमों का परिपालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम राहत के प्रकरण एवं राहवीर योजना के बारे में विस्तार से चर्चा की। उल्लेखनीय है कि पीएम राहत योजना अंतर्गत दुर्घटना पीड़ितों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराकर 7 दिन तक डेढ़ लाख रुपए तक के निशुल्क उपचार की सहायता प्रदान की जाती है। राहवीर योजना के अंतर्गत दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति को अस्पताल में ले जाकर भर्ती करने वाले व्यक्ति को 25000 रुपए की सहायता राशि तथा प्रशस्ति पत्र दिए जाने का प्रावधान है।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के सभी निजी अस्पताल के चिकित्सक एवं स्टाफ को योजना के बारे में पूरा प्रशिक्षण प्रदान किया जाए तथा अस्पताल में इसके लिए अधिकारी कर्मचारियों का नामांकन किया जाए ताकि दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति को उचित प्रकार से सहायता दी जा सके। कलेक्टर ने आरटीओ को बसों की चेकिंग , वाहन चालकों के आंखों का परीक्षण, स्पीडोमीटर की उपलब्धता तथा नियम विरुद्ध वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि संचालित बसें उनके निर्धारित स्थान पर ही बसों को रुककर सवारी बैठाए और उतारे, मार्ग में कहीं भी बस रोककर लोगों को बिठाने की व्यवस्था की निगरानी की जाए और चालानी कार्रवाई की जाए । कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में प्राइवेट एंबुलेंस चालकों के अनावश्यक मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस खड़ी करने की दशा में उन पर कार्रवाई के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज के बाहर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध विधि संगत कार्रवाई करने और हाईवे के आसपास अनाधिकृत ढाबों की चेकिंग के लिए कहा। कलेक्टर ने लेबर मार्केट के लिए स्थान चिन्हित करने और शहरी क्षेत्र में मल्टीपल पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दुर्घटना के संबंध में संवेदनशील क्षेत्र को चिन्हित कर दुर्घटना से बचाव हेतु समस्त आवश्यक उपाय करने के लिए कहा।