1 से 25 जुलाई तक होंगे ऑनलाइन पंजीयन
रतलाम । मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से म.प्र. पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 7 अगस्त को उत्कृष्ट उमावि, सागोद रोड, रतलाम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालयों की तीन सदस्यीय टीमों का ऑनलाइन पंजीयन 1 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। 25 जुलाई शाम 5:30 बजे के बाद पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा। टीमों का ऑनलाइन पंजीयन आधिकारिक लिंक: https://www.mptourism.com/tourismquiz2026/schools पर किया जाएगा।
प्रत्येक विद्यालय वस्तुनिष्ठ परीक्षा के माध्यम से तीन श्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन कर उनकी टीम का पंजीयन कराएगा।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में सुबह 10 से 12 बजे तक लिखित परीक्षा होगी, जिसमें से छह श्रेष्ठ टीमों का चयन मल्टीमीडिया आधारित क्विज के लिए किया जाएगा। अंतिम चरण में तीन विजेता टीमों का चयन होगा। विजेता टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में भ्रमण एवं ठहरने के कूपन, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के इतिहास, पर्यटन, संस्कृति, कला, प्राकृतिक धरोहर, महापुरुषों, फिल्म पर्यटन तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे।