
जावरा (अभय सुराणा)। नगर के वार्ड क्रमांक 17 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 30 पर सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नगर मंडल के मीडिया प्रभारी गुरु संदीप रांका रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि गुरु संदीप रांका ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य संकल्प है।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तबस्सुम कुरैशी ने उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया गया तथा वीडियो प्रसारण के जरिए हितग्राहियों को योजनाओं से अवगत कराया गया।
आयोजन के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया, परिसर में पौधारोपण हुआ तथा नन्हे बच्चों की विभिन्न रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही बच्चों व महिलाओं को फल एवं उपहार वितरित किए गए।
इस दौरान शायर फजल हयात, पार्षद प्रतिनिधि इश्तियाक सैयद, इशाक भाई सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक, महिलाएं और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।