महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे श्री रामाश्रय पाण्डेय ने इंदौर स्टेशन सहित इंदौर–पातालपानी एवं पातालपानी–कालाकुंड खंड का किया निरीक्षण

निर्माण कार्यों की समीक्षा, यात्री सुविधाओं का लिया जायजा, संरक्षा एवं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

रतलाम/इंदौर, 01 जुलाई। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने रतलाम मंडल प्रवास के दौरान इंदौर स्टेशन, इंदौर–पातालपानी रेलखंड तथा पातालपानी–कालाकुंड हेरिटेज खंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता एवं पूर्ण संरक्षा के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रवास के दौरान महाप्रबंधक ने इंदौर निर्माण कार्यालय के बैठक कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में इंदौर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न रेल परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों के निष्पादन पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अक्षय कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) चर्चगेट श्री धीरज कुमार, निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा रतलाम मंडल के विभिन्न शाखाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत महाप्रबंधक ने इंदौर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, रिफ्रेशमेंट स्टॉल, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों के साथ इंदौर से पातालपानी तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. अंबेडकर नगर रेलवे स्टेशन पर नव-निर्मित स्टेशन भवन एवं सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तृत निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इंदौर–पातालपानी खंड में प्रगति पर चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की जानकारी भी महाप्रबंधक को दी गई।
पातालपानी रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने नव-निर्मित स्टेशन भवन के साथ-साथ पुराने प्रतीक्षालय का भी निरीक्षण किया तथा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए टीही टनल सहित क्षेत्र में चल रहे विभिन्न रेलवे विकास कार्यों की जानकारी भी साझा की।
इस दौरान महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे ने रतलाम मंडल के मीटर गेज हेरिटेज रेलखंड पातालपानी–कालाकुंड का ट्रॉली द्वारा निरीक्षण किया। इसके साथ ही कालाकुंड रेलवे स्टेनशन पर बने हेरिटेज संग्रहालय का निरीक्षण कर ट्रेन परिचालन में उपयोग होने वाले पुराने उपकरणों के संग्रह का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रैक, संरचनाओं एवं परिचालन व्यवस्था का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को संरक्षा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound