“चिकित्सक मानव सेवा के सच्चे प्रहरी, उनका सम्मान समाज का दायित्व”


रतलाम । डॉक्टर्स डे के अवसर पर इनर व्हील क्लब रतलाम द्वारा डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडे मेडिकल कॉलेज के गायनीक विभाग में सेवा दे रहे चिकित्सकों के सम्मान में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब अध्यक्ष वंदना विजय सोनी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि इनर व्हील क्लब रतलाम समाजसेवा के विविध आयामों पर निरंतर कार्य करेगा तथा सेवा कार्यों की श्रृंखला की शुरुआत डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों के सम्मान से की गई है। उन्होंने कहा कि समाज को स्वस्थ रखने में चिकित्सकों की भूमिका अतुलनीय है और उनका सम्मान प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रदीप मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक डॉक्टर दिन-रात मरीजों को स्वस्थ करने के लिए पूर्ण समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करता है। कई बार विपरीत परिस्थितियां उत्पन्न होने पर भी चिकित्सक पूरी निष्ठा से अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं, इसलिए समाज को भी ऐसे समय में धैर्य एवं संयम बनाए रखना चाहिए।
मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा ने क्लब की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज और अस्पताल का सहयोग मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने इनर व्हील क्लब की सदस्याओं से अस्पताल में मरीजों के हित में आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने जैसे सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग देने का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि रतलाम विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं जिला रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी ने डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सक केवल उपचार ही नहीं करते, बल्कि अनेक परिवारों को नया जीवन और नई उम्मीद भी देते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का समर्पण, सेवा और मानवीय संवेदनाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सम्मान समारोह में क्लब अध्यक्ष वंदना विजय सोनी, राजकुमारी पिरोदिया, सरला पाटनी, बबीता श्रीवास्तव, रीना चावला, संध्या पुष्कर, शिवानी भार्गव, सुरेखा, साधना मूणत, गीता शिवानी एवं अन्य पदाधिकारियों ने डॉ. अनीता मुथा, डॉ. प्रदीप मिश्रा, डॉ. अंकित शर्मा, गायनीक विभाग प्रभारी डॉ. रेखा विमल गुप्ता, डॉ. पारूल त्रिचल, डॉ. सारिका रावत, डॉ. शालिनी गुप्ता, डॉ. पूजा जैन, डॉ. विभा धुर्वे, डॉ. सुहानी भाटी, डॉ. सुप्रिया सिंह, डॉ. निशा, डॉ. सौम्या, डॉ. राजेश्वरी, डॉ. हिमांशी, डॉ. मनीषा तथा विशिष्ट अतिथि गोविंद काकानी का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम का संचालन सरला पाटनी ने किया तथा आभार प्रदर्शन क्लब सचिव साधना मूणत ने किया। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।