रतलाम जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सांसद अनिता नागरसिंह चौहान की बड़ी पहल

कलेक्टर को एक साथ भेजे 9 महत्वपूर्ण पत्र, सड़क, सिंचाई, खेल, बैंक, डाकघर, बीज सहित जनहित के अनेक मुद्दे उठाए

आलीराजपुर/रतलाम। रतलाम-झाबुआ-आलीराजपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान ने रतलाम जिले के विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर रतलाम को एक साथ नौ अलग-अलग पत्र प्रेषित किए हैं। इन पत्रों के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से जुड़ी वर्षों पुरानी जनसमस्याओं के समाधान, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा किसानों, युवाओं और आम नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति एवं शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
सांसद श्रीमती चौहान ने अपने पत्रों में स्पष्ट किया है कि लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, किसानों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार जनहित से जुड़े विषय उनके संज्ञान में लाए गए हैं। इन्हीं मांगों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जिला प्रशासन से संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

तालाब के जीर्णोद्धार एवं गहरीकरण से मिलेगा जल संरक्षण को बढ़ावा
सांसद ने सेलाना तहसील की ग्राम पंचायत करिया के ग्राम नयाखेड़ा स्थित तालाब के जीर्णोद्धार एवं गहरीकरण की मांग करते हुए बताया कि वर्तमान में तालाब जर्जर स्थिति में है तथा उसमें अत्यधिक गाद जमा होने से जल संग्रहण क्षमता काफी कम हो गई है। तालाब के गहरीकरण एवं मरम्मत से वर्षा जल का अधिक संचयन होगा, भू-जल स्तर में सुधार आएगा तथा किसानों को सिंचाई और ग्रामीणों को जल उपलब्धता का लाभ मिलेगा।

रावटी एवं सरवन क्षेत्र में खेल मैदान और स्टेडियम निर्माण की मांग
युवाओं को खेलों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सांसद ने रावटी एवं सरवन क्षेत्र में खेल मैदान एवं स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इन क्षेत्रों में पर्याप्त खेल सुविधाओं का अभाव है, जिससे खिलाड़ियों की प्रतिभा प्रभावित हो रही है। स्टेडियम बनने से स्थानीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

किसानों को समय पर मिले पर्याप्त सोयाबीन बीज
वर्तमान खरीफ सीजन को देखते हुए सांसद ने सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को पर्याप्त मात्रा में सोयाबीन बीज उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों से किसानों द्वारा बीज की कमी की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। समय पर बीज उपलब्ध होने से किसान निर्धारित समय पर बुवाई कर सकेंगे और कृषि उत्पादन प्रभावित नहीं होगा।

नामली में डाकघर का नवीन भवन एवं सर्किट हाउस बनाने का प्रस्ताव
नामली नगर की बढ़ती आबादी एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए सांसद ने डाकघर के लिए नवीन भवन तथा सर्किट हाउस निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे डाक सेवाओं का बेहतर संचालन होगा तथा प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

धामनोद में बंद डाकघर को पुनः शुरू करने की मांग
धामनोद नगर में पूर्व से संचालित डाकघर बंद होने के कारण नागरिकों को डाक एवं अन्य सेवाओं के लिए दूसरे क्षेत्रों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। सांसद ने पत्र के माध्यम से डाकघर को पुनः प्रारंभ करने की मांग करते हुए कहा कि इससे आम नागरिकों को राहत मिलेगी तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा होगी।

15 डामरीकृत सड़कों के निर्माण की मांग
सांसद श्रीमती चौहान ने जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित 14 महत्वपूर्ण सड़कों के डामरीकरण की मांग भी की है। जिसके साथ ग्राम सिखेड़ी से भदवासा मार्ग स्थित गंगावता नदी पर 1 पुल निर्माण की माँग भी प्रेषित की गई है ।
उन्होंने संबंधित मार्गों का विवरण देते हुए शीघ्र सर्वे कराकर स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की आवागमन व्यवस्था मजबूत होगी, किसानों को कृषि उपज परिवहन में सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

धामनोद नगर में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने का आग्रह
धामनोद एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सांसद ने राष्ट्रीयकृत बैंक की नई शाखा स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बैंक शाखा खुलने से किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं एवं स्व-सहायता समूहों को विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा बैंकिंग सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।

जनभावनाओं के अनुरूप शीघ्र कार्रवाई का आग्रह
सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान ने सभी विषयों पर संबंधित विभागों से परीक्षण कराकर नियमानुसार शीघ्र स्वीकृति एवं आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ये सभी मांगें सीधे तौर पर आम जनता, किसानों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़ी हुई हैं। इन कार्यों के पूरा होने से रतलाम जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जनजीवन अधिक सुगम बनेगा और विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों को शीघ्र राहत प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound