
रतलाम 3 जुलाई। जन जागरण सहकारी सप्ताह के पांचवें दिवस पैक्स निपानियालीला परिसर में जिला सहकारी संघ एवं गणेश बीज उत्पादक सहकारी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में जैविक एवं प्राकृतिक खेती विषय पर सहकारी संगोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में गणेश बीज उत्पादक सहकारी संस्था के अध्यक्ष बनेसिंह चंद्रावत ने कहा कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत कम होती है और कृषि उत्पादों की गुणवत्ता एवं स्वाद बेहतर रहता है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में कुछ चुनौतियां आईं, लेकिन बाद में लागत कम होने और उत्पादन बढ़ने से लाभ में वृद्धि हुई। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आग्रह किया।
एडवोकेट नगेंद्र सिंह डोडिया ने कहा कि शहर में नौकरी और व्यवसाय करने के बाद उन्होंने गांव लौटकर जैविक खेती को अपनाया। उन्होंने इसे युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर माध्यम बताया।
आत्मा परियोजना के विकासखंड तकनीकी प्रबंधक प्रदीप पाटीदार ने किसानों को प्राकृतिक, जैविक एवं रासायनिक खेती के वैज्ञानिक पहलुओं की जानकारी देते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
संगोष्ठी को सहकारी प्रशिक्षण केंद्र इंदौर के पूर्व प्राचार्य निरंजन कुमार कसारा तथा जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिरुद्ध शर्मा ने भी संबोधित किया और सहकारिता के महत्व एवं उसकी कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी संघ के जनसंपर्क अधिकारी पिंकेश भट्ट ने किया तथा आभार बीपेक्स सोसायटी के प्रबंधक रमेश चंद्र प्रजापत ने व्यक्त किया। संगोष्ठी में सहकारी समितियों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर संस्था परिसर में पौधारोपण भी किया गया।