रतलाम । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ किरण वाडीवा ने बताया कि 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सही समय पर गर्भावस्था तथा दो बच्चों के मध्य सही समय के अंतर को स्वैच्छिक साधनों के उपयोग से बढ़ावा देना है , जिससे मातृ स्वास्थ्य एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार किया जा सके। इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम ” मां और बच्चे की अच्छी सेहत के लिए गर्भधारण के लिए सही समय तथा गर्भावस्था के मध्य सही अंतर रखा जाना जरूरी है, अनचाहे गर्भधारण से बचे”निर्धारित की गई है। इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का नारा “जब तक बच्चों में हो सही अंतर, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल “है। 11 जुलाई से 18 जुलाई के मध्य जिले की समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन के साधनों की उपलब्धता तथा सेल्फ केयर किट में कंडोम प्रेगनेंसी किट व आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली की प्रदायगी के साथ परामर्श सेवाएं प्रदान की जाएगी। अभियान के दौरान सास बहू सम्मेलन, परिवार विकास सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश मंडलोई ने बताया कि शादी के बाद बच्चों में देरी, बच्चों के जन्म में उचित अंतराल, प्रसव पश्चात तथा गर्भपात पश्चात परिवार नियोजन की सेवाएं, परिवार नियोजन में पुरुषों की सहभागिता , दीर्घकालिक गर्भनिरोधक साधन का उपयोग करके स्वस्थ परिवार बनाया जा सकता है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर संपर्क के दौरान शादी के बाद बच्चों के जन्म में 2 साल की देरी , पहले और दूसरे बच्चे के बीच कम से कम 3 साल का अंतराल और दो बच्चों के बाद भी गर्भ निरोधक साधनों के उपयोग के संबंध में परामर्श प्रदान करेंगे।