कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के निर्देशानुसार मेडिकल कॉलेज व्यवस्था को लेकर डीन से चर्चा

रतलाम, 3 जुलाई। जिला रोगी कल्याण समिति सदस्यों आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल एवं हेमंत राहोरी ने मेडिकल कॉलेज में डीन डॉ. अनिता मूथा से मिलकर मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था एवं आगामी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। डीन ने बताया कि नया कार्डियक यूनिट भवन बनेगा। जिसका प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जिसके तहत कार्डियो वैस्कुलर, कार्डियो थोरेसिक, बाईपास, स्ट्रोक और स्टेंट भी एक ही जगह ऑपरेट किये जा सकेंगे। डीन ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन मेडिकल कॉलेज को प्राप्त हो चुकी है। जो आधुनिकतम होकर शीघ्र ही आमजन की सेवा में उपलब्ध होगी। एम.आर.आई. मशीन और उसके तकनीशियन की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, शीघ्र ही इंस्टॉल की जावेगी।
डीन ने बताया कि नया आर्थोपेडिक ट्रामा शुरू किया जा चुका है जिसमें 2 ऑपरेशन थिएटर उपलब्ध हैं और कार्य शुरु हो चुका है। उन्होंने बताया गया कि समस्त व्यवस्थाएं उपलब्ध करा दी गई है अतिशीघ्र मरीजों को इसका लाभ मिलने लगेगा। समिति के सदस्यों ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत अधिकतम 80 प्रतिशत मरीजों का इलाज हो, ताकि मेडिकल कॉलेज को आत्मनिर्भर बनाया जा सके। आयुष्मान में केवाईसी या किसी अन्य तकनीकी कमी के कारण यदि कोई समस्या आती है तो उसका निराकरण किया जाए और समिति सदस्यों का भी सहयोग लिया जावे। आमजनों को आभा आईडी बनाने हेतु प्रेरित किया जाए।
समिति के सदस्यों ने कोरोना काल में मंत्री चेतन्य काश्यप द्वारा स्थापित ऑक्सीजन प्लांट की वर्तमान उपयोगिता पर चर्चा की। डीन ने बताया कि समय-समय पर ऑक्सीजन प्लांट का उपयोग किया जा रहा है। सदस्यों ने प्लांट के अन्य उपयोग पर सुझाव दिए कि प्लांट से सिलेंडर भर कर अन्य वार्डों में भेजे जाना चाहिए। डीन ने इस पर सहमति जताई है। मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के प्रति मेडिकल कॉलेज स्टाफ का व्यवहार सहानुभूतिपूर्वक होना चाहिए।