रतलाम मंडल ने जून 2026 में माल परिवहन एवं क्रैक ट्रेनों के संचालन में स्थापित किए नए कीर्तिमान

रतलाम, 09 जुलाई। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने माह जून 2026 के दौरान माल परिवहन एवं परिचालन दक्षता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए माल परिवहन एवं क्रैक ट्रेनों के संचालन में कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मंडल द्वारा मालगाड़ियों के त्वरित एवं निर्बाध संचालन के लिए किए गए सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप क्रैक ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की वस्तुओं की लोडिंग में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार माह जून 2026 के दौरान रतलाम मंडल ने प्रतिदिन औसतन 57.7 क्रैक ट्रेनों का संचालन कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया, जबकि इससे पूर्व सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मई 2024 में प्रतिदिन औसतन 50.52 क्रैक ट्रेनों का था। पूरे माह में केवल दो दिनों को छोड़कर प्रत्येक दिन 50 अथवा उससे अधिक क्रैक ट्रेनें संचालित की गईं तथा 10 दिनों तक प्रतिदिन 60 से अधिक क्रैक ट्रेनों का संचालन कर एक और नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। इसी अवधि में मंडल ने 47.25 प्रतिशत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ क्रैक रेशियो प्राप्त किया, जो मई 2026 में प्राप्त 46.93 प्रतिशत के पूर्व रिकॉर्ड से भी अधिक है। इसके अतिरिक्त जून 2026 में रतलाम–वटवा खंड पर 124 क्रैक ट्रेनों का संचालन किया गया, जो इस खंड का अब तक का सर्वोच्च मासिक प्रदर्शन है।
माल लदान के क्षेत्र में भी रतलाम मंडल का प्रदर्शन अत्यंत प्रभावशाली रहा। माह जून 2026 में सीमेंट की 223 रेक लगभग 0.53 मिलियन टन की लोडिंग की गई, जो जून 2025 की तुलना में रेकों की संख्या के आधार पर 7.72 प्रतिशत अधिक है। क्लिंकर की 239 रेक लगभग 1.00 मिलियन टन लोड की गईं, जो जून 2025 की तुलना में 26.58 प्रतिशत अधिक हैं तथा जून माह में अब तक की सर्वाधिक क्लिंकर लोडिंग का नया रिकॉर्ड है। इससे पूर्व जून 2024 में 236 रेक का सर्वोच्च रिकॉर्ड दर्ज किया गया था। इसी प्रकार उर्वरक की 46 रेक लगभग 0.064 मिलियन टन की लोडिंग की गई, जो जून 2025 की तुलना में 28 प्रतिशत अधिक है तथा जून माह का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
खाद्यान्न की 36 रेक लगभग 0.09 मिलियन टन की लोडिंग दर्ज की गई, जो जून 2025 की तुलना में 125 प्रतिशत अधिक है। पेट्रोलियम, ऑयल एवं लुब्रिकेंट्स की 70 रेक लगभग 0.182 मिलियन टन की लोडिंग हुई, जो जून 2025 की तुलना में 264 प्रतिशत अधिक है तथा जून माह में अब तक की सर्वाधिक लोडिंग है। इससे पूर्व जून 2016 में 64 रेक का रिकॉर्ड था। इसी प्रकार कंटेनर की 55 रेक लगभग 0.065 मिलियन टन की लोडिंग दर्ज की गई, जो जून 2025 की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है, जबकि रेड ओकर की 6 रेक लगभग 0.023 मिलियन टन की लोडिंग हुई, जो जून 2025 की तुलना में 228.57 प्रतिशत अधिक है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक एवं परिचालन विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कुशल कार्य प्रबंधन के कारण रतलाम मंडल माल लदान एवं क्रैक ट्रेनों के संचालन में नई उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है। मालगाड़ियों के सफल परिचालन में परिचालन विभाग के अतिरिक्त ट्रेन संचालन से जुड़े अन्य विभागों जैसे कर्षण परिचालन, संकेत एवं दूरसंचार, यांत्रिक, वाणिज्य, इंजीनियरिंग सहित अन्य विभागों का समन्वय भी अत्यंत सराहनीय रहा है, जिससे ट्रेन संचालन सुगमतापूर्वक किया जा सका है।
रतलाम मंडल की इन उपलब्धियों मंडल परिचालन दक्षता, समयबद्ध माल परिवहन, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय फ्रेट सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। मंडल का यह प्रदर्शन पश्चिम रेलवे की माल परिवहन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ भारतीय रेलवे की समग्र माल ढुलाई प्रणाली को भी नई गति प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound