

रतलाम 11 जुलाई। कर्तव्य फाउंडेशन रतलाम द्वारा शनिवार , 11 जुलाई को जैन पब्लिक स्कूल, सागोद रोड, रतलाम* में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराना, तनाव, चिंता एवं भावनात्मक चुनौतियों को समझना तथा आवश्यकता पड़ने पर खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती निहारिका गादीया बंबोरी (काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट एवं साइकोथेरेपिस्ट) रहीं। कार्यक्रम संयोजक उदित माहेश्वरी ने बताया कि उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तनाव, उदासी, निराशा या मानसिक दबाव जैसी परिस्थितियों में चुप रहने के बजाय परिवार, मित्रों, शिक्षकों या विशेषज्ञों से खुलकर संवाद करना आवश्यक है। उन्होंने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कर्तव्य फाउंडेशन के सदस्य उदित माहेश्वरी, जय तलेरा, तनिष्क लोढ़ा, श्रेष्ठ संघवी, तनु बाफना, हिमांशु बंबोरी, इशिका परिहार, यश मित्तल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कर्तव्य फाउंडेशन रतलाम ने भविष्य में भी समाज एवं विद्यार्थियों के हित में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।