
रतलाम। शासकीय माध्यमिक विद्यालय सिपावरा से शासकीय माध्यमिक विद्यालय धराड़ स्थानांतरित होने पर शिक्षक हरिराम जाटवा का सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम संस्था प्रधान सुश्री टीना पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री जाटवा को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान एवं सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि संकुल प्राचार्य रामचंद्र पोरवाल, विशिष्ट अतिथि पीएम विद्यालय के प्राचार्य अर्पित जैन तथा विशेष अतिथि ललित शर्मा उपस्थित रहे। संस्था प्रधान टीना पटेल ने स्वागत उद्बोधन देते हुए श्री जाटवा के कार्यों की सराहना की, वहीं प्रशस्ति पत्र का वाचन धर्मेंद्र चौहान ने किया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में हरिराम जाटवा की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए उनके नवीन पदस्थापना स्थल शासकीय माध्यमिक विद्यालय धराड़ (रतलाम) में सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सुरेश चंद्र राजोरा, संदीप सिंह सोलंकी, कुशालपुरी गोस्वामी, शिवम श्रीवास्तव, जगदीश चौहान, सुभाष पडिहार, गोपाल सेन, बालू गिरी, प्रहलाद गिरी, मुकेश पुरी, मोनिका सेन, झमु गोस्वामी, प्रेम बाई, मुन्नी बाई, लक्ष्मी, राधा, सपना, प्रहलाद सिंह, दरबार सिंह, नेपाल सिंह सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नंदकिशोर शर्मा ने किया तथा अंत में गौरव व्यास ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।