गर्वित गोखरू फाउंडेशन ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय बड़ोदिया में 120 स्कूल बैग वितरित किए

65 बड़े एवं 55 छोटे बैग पाकर खिल उठे विद्यार्थियों के चेहरे, शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने की अनूठी पहल

रतलाम । सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय गर्वित गोखरू फाउंडेशन द्वारा सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए शासकीय माध्यमिक विद्यालय, बड़ोदिया में अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा कार्य के तहत कुल 120 स्कूल बैग वितरित किए गए, जिनमें 65 बड़े एवं 55 छोटे बैग शामिल रहे।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नए स्कूल बैग प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। विद्यार्थियों ने फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का संपूर्ण समन्वय एवं सफल क्रियान्वयन विनीत पीपाड़ा एवं ऋषभ पावेचा द्वारा किया गया। इस अवसर पर गर्वित गोखरू फाउंडेशन के संस्थापक के साथ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा मोर्डिया, समस्त शिक्षक गण एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने फाउंडेशन के इस शिक्षा हितैषी एवं सामाजिक प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता का सकारात्मक संदेश भी देते हैं।
इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक श्री गर्वित गोखरू ने कहा कि गर्वित गोखरू फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में इसी प्रकार जनहित के कार्य निरंतर करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए फाउंडेशन सदैव प्रतिबद्ध है और समाज के सहयोग से ऐसे सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound