- रतलाम को क्रिकेट का संभाग घोषित करने सभी को आगे आना होगा
- श्री देव व्यास एवं श्री ब्रह्मे नवीन सदस्य बनाए गए

रतलाम। वर्तमान समय में महिला क्रिकेट को लेकर लोगों में बहुत उत्साह है। राष्ट्रीय स्तर पर कई महिला खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने भी अपने उत्कृष्ट खेल से सफलता पाई है। खेलों में क्रिकेट की लोकप्रियता को देखते हुए जिले की बेटियों को क्रिकेट में अपना भविष्य बनाने आगे आने के लिए कड़ी मेहनत और परिश्रम करना जरुरी है। इसके लिए जिला, संभाग एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेटियों को राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान बनाना चाहिए। यह बात भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने शनिवार को जिला क्रिकेट एसोसिएशन की सालाना बैठक में सदस्यों और खिलाडि़यों को संबोधन देते ही कही।
उपाध्याय ने कहा जिला क्रिकेट एसोसिएशन को अपनी भावी योजनाओं में महिला क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने के लिए प्रतियोगिताएं, प्रशिक्षण शिविर, स्कूल एवं जिला स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कर बेटियों को आगे लाना होगा। राज्य में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सभी प्रकार के खेल विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बेटियां क्रिकेट में आगे आए, इसके लिए उनको सुविधाएं और बेहतर प्रशिक्षण देना जरुरी है।
राज्य की प्रतियोगिता जरुरी
जिला अध्यक्ष कीर्ति शरण सिंह ने कहा कि जिले में क्रिकेट की कई प्रतिभाएं हैं जो राष्ट्रीय स्तर पर दस्तक देने के लिए तैयार है। क्रिकेट में सक्रियता और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए राज्य संगठन संसाधन उपलब्ध कराएगा। राज्य स्तरीय प्रशिक्षण और राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन रतलाम में होना जरुरी है। जिले को संभागीय क्रिकेट का दर्जा देने की जरूरत है। ताकि यहां की प्रतिभाएं सीधे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर अपना प्रदर्शन कर सके। कहा कि जिले की महिला क्रिकेटरों को प्रोत्साहन के लिए ठोस कदम उठाएंगे। प्रशिक्षण शिविरों तथा स्पर्धा का आयोजन कर उनकी सहभागिता बढ़ाएंगे। संगठन सचिव तथा पूर्व खेल अधिकारी जोस चाको ने कहा कि शहर खेलों का शहर है। यहां अनेक प्रतिभाएं विद्यमान है क्रिकेट जगत में कई खिलाड़ियों ने इस शहर को गौरवान्वित किया है। युवा खिलाड़ी उनसे प्रेरणा लेकर अपना भविष्य बनावे।
रतलाम बना विजेता
जिला कोच लोकपाल सिंह सिसोदिया ने बताया कि जिले की अंदर 13 और अंदर 15 दोनों टीमों ने इस बार विजेता होने का गौरव प्राप्त किया है जिले के खिलाड़ी होनहार और परिश्रमी है उन्हें उचित मौका और अवसर मिला तो यह बहुत आगे बढ़ेंगे। इस अवसर पर निमिष व्यास ने बताया बैठक में नए सदस्योंं को जोड़ा गया, इनमें क्रमश: अनंता ब्रह्मे व देव व्यास शामिल है। एमआईसी सदस्य भगत सिंह भदोरिया, शैलेंद्रसिंह अठाना, अनुज शर्मा, महेश व्यास, दिनेश शर्मा, कीर्ति जायसवाल ने भी सुझाव प्रस्तुत किये। अंत में महान ऑलराउंडर गैरी सोबर्स, क्रिकेटर अश्विनी शर्मा को 2 मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उत्कृष्ट खिलाड़ियों और बालिकाओं को किट बैग देकर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया । संचालन शर्मा ने आभार सिसोदिया ने व्यक्त किया।
श्री देव व्यास एवं श्री ब्रह्मे नवीन सदस्य बनाए गए
जिला क्रिकेट एसोसिएशन की वार्षिक बैठक में अध्यक्ष कीर्ति शरण सिंह की सहमति से पूर्व खिलाड़ी श्री अनंत ब्रह्मा एवं युवा खेल प्रेमी देव व्यास को संगठन का नवीन सदस्य बनाया गया जिसका करतल ध्वनि से सभी सदस्यों ने अनुमोदन किया।